गुरुग्राम, 30 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में सेक्टर 17/18 के मोड़ के पास 4.86 ग्राम कोकीन के साथ आइवरी कोस्ट के 38-वर्षीय एक नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान अबू टारोरे के रूप में हुई है और उसके कब्जे से एक स्कूटर भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर 17/18 थाने में आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान टारोरे ने पुलिस को बताया कि वह 2021 में पर्यटक वीजा पर भारत आया था।
पुलिस के अनुसार, वह कोकीन लेकर गुरुग्राम आया था, ताकि उसे बेचा जा सके, लेकिन मादक पदार्थ बेचने से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि टारोरे वर्तमान में उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर-55 में रह रहा था। उसके खिलाफ अंबाला में भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत पहले एक मामला दर्ज है।
गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हम आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं।’’
भाषा राखी सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.