रायपुर, 30 अक्टूबर (भाषा) छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) ने शुक्रवार को शराब, कोल लेवी और मेडिकल घोटालों से जुड़े मामलों में छह जिलों के 16 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि ईओडब्ल्यू ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, कोरबा और गरियाबंद जिलों में तलाशी की कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि शराब घोटाले के संबंध में रायपुर और राजनांदगांव जिलों के छह स्थानों पर, कोल लेवी घोटाले के संबंध में कोरबा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग जिलों के छह स्थानों पर तथा मेडिकल घोटाले के संबंध में रायपुर और गरियाबंद जिलों के चार स्थानों पर तलाशी ली गई।
अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान संबंधित मामलों में वित्तीय अनियमितताओं, अवैध लेन-देन और आर्थिक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण अभिलेख, संपत्तियों की रजिस्ट्री के दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और अन्य साक्ष्य जुटाए गए।
उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान मिले नए तथ्यों और साक्ष्यों से मामलों में पहले स्थापित साक्ष्यगत कड़ियों को और मजबूती मिलने की संभावना है। प्राप्त दस्तावेजों, डिजिटल उपकरणों और अन्य साक्ष्यों का सूक्ष्म परीक्षण एवं विश्लेषण किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की भूमिका और उनके खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है।
भाषा
संजीव रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.