scorecardresearch
Tuesday, 17 November, 2026
होमफीचरमोदी के पसंदीदा मूर्तिकार का नया अंदाज, देवी-देवताओं की मूर्तियों के बाद अब कुछ अलग करने की तैयारी

मोदी के पसंदीदा मूर्तिकार का नया अंदाज, देवी-देवताओं की मूर्तियों के बाद अब कुछ अलग करने की तैयारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मशहूर मूर्तिकार नरेश कुमार कुमावत के प्रशंसक हैं. देवी-देवताओं और स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्तियां बनाने के लंबे अनुभव के बाद अब वह इंडिया बिएनाले में कुछ नया और अलग करने की कोशिश कर रहे हैं. वह कहते हैं कि पहले कल्पना के लिए बहुत कम जगह होती थी.

Text Size:

मानेसर: रंग बदलने वाले स्पीकर पर बॉलीवुड के पुराने गाने बज रहे हैं और कारीगर बी.आर. आंबेडकर की एक मूर्तिकला वाली भित्ति-कलाकृति और कुछ अधूरी मूर्तियों पर काम कर रहे हैं. उनमें से एक आंबेडकर के मिट्टी से बने कोट को चिकना कर रहा है, जबकि दूसरा दूसरी तरफ ग्रामीणों की आकृतियां बना रहा है. यह भित्ति-कलाकृति पूरी दीवार पर फैली हुई है, लेकिन हरियाणा के मानेसर में नरेश कुमार कुमावत की वर्कशॉप के पैमाने को देखते हुए यह भी एक छोटी कलाकृति है.

कुमावत मोदी सरकार के पसंदीदा मूर्तिकारों में से एक हैं. उन्होंने अपने करियर का ज्यादातर हिस्सा भारत और 40 से अधिक देशों में देवी-देवताओं और राजनीतिक हस्तियों की विशाल मूर्तियां बनाने में बिताया है. राजस्थान में 369 फुट ऊंची शिव की ‘स्टैच्यू ऑफ बिलीफ’ से लेकर पिछले साल कनाडा में 51 फुट ऊंची राम की मूर्ति तक, उनका काम दुनिया भर में फैला है. अब अगले महीने लाल किले में होने वाले इंडिया बिएनाले में उनकी कलाकृतियों की प्रदर्शनी ‘द मिरर मेन’ लगने जा रही है. उनका कहना है कि यह उनके अब तक के काम से बिल्कुल अलग है.

51-वर्षीय मूर्तिकार ने अपनी प्रदर्शनी के ब्लूप्रिंट उत्साह से दिखाते हुए कहा, “मैंने पहले ऐसे विषयों पर काम किया है, जिनमें कल्पना और मेरी अपनी रचनात्मकता के लिए बहुत कम जगह थी. यह मेरे लिए एक नया और रोमांचक प्रयास है.”

मानेसर में नरेश कुमार कुमावत की वर्कशॉप में बीआर अंबेडकर की मिट्टी की दीवार पर काम करते कारीगर | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट
मानेसर में नरेश कुमार कुमावत की वर्कशॉप में बीआर अंबेडकर की मिट्टी की दीवार पर काम करते कारीगर | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट

प्रदर्शनी का एक हिस्सा अब तक बनाई गई उनकी मूर्तियों को समर्पित होगा. संस्कृति मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, इसमें तस्वीरें, काम की प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज़ और तैयार कलाकृतियां दिखाई जाएंगी. इनके जरिए यह दिखाया जाएगा कि किस तरह व्यक्तिचित्र, सामग्री और विशाल आकार नागरिक तथा सांस्कृतिक स्मृतियों को आकार देते हैं. हालांकि, प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण एक “प्रयोगात्मक” इंस्टॉलेशन होगा, जो दूसरों की छवि को विशाल बनाने के बजाय खुद को अभिव्यक्त करने पर ज्यादा केंद्रित है.

लेकिन इसमें भी मोदी के लिए एक जगह है.

उन्होंने कहा, “मेरा सपना है कि प्रधानमंत्री मेरे इंस्टॉलेशन के बीचोंबीच खड़े हों और वहां सूफी संगीत लाइव बज रहा हो. मैंने इस पल की एक बिल्कुल परफेक्ट तस्वीर अपने मन में बनाई है.”

पिछले एक दशक में कुमावत मूर्तिकला के जरिए राष्ट्रीय पहचान के विशाल प्रतीकों को प्रदर्शित करने की मोदी सरकार की परियोजना का अहम हिस्सा रहे हैं. नए संसद भवन में 75 फुट लंबी भव्य समुद्र मंथन भित्ति-कलाकृति और सरदार पटेल तथा आंबेडकर के पदकाकार चित्रों के पीछे उन्हीं का हाथ है. इसके अलावा, 2016 में विज्ञान भवन में मोदी ने दीन दयाल उपाध्याय की जिस अर्धप्रतिमा का अनावरण किया था, उसे भी कुमावत ने बनाया था.

उनके अन्य प्रमुख कामों में विजयवाड़ा में आंबेडकर की 125 फुट ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ सोशल जस्टिस’ और अरुणाचल प्रदेश में परशुराम की 51 फुट ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ स्ट्रेंथ’ शामिल हैं.

मोदी खुद भी उनके काम के प्रशंसक हैं. पिछले साल मन की बात में उन्होंने कनाडा में राम की मूर्ति का जिक्र किया था और कहा था कि इस आयोजन को लेकर लोग “बहुत उत्साहित थे”. इसी प्रसारण में उन्होंने कुमावत के स्टूडियो में बनी महर्षि वाल्मीकि की कांस्य प्रतिमा का भी ज़िक्र किया था, जिसे भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद ने इटली के कैंपोरोटोंडो को उपहार में दिया था. मोदी ने कहा था, “आप दुनिया में कहीं भी चले जाएं, वहां आपको भारतीय संस्कृति का प्रभाव जरूर देखने को मिलेगा.”

कुमावत ने मोदी के माता-पिता के चित्र भी बनाए हैं. पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में उन्हें सम्मानित भी किया था. मूर्तिकार के लिए कोई विशाल कलाकृति बनाने की संतुष्टि जरूरी नहीं कि उससे मिलने वाली सार्वजनिक पहचान में हो.

उन्होंने कहा, “जब आप इतनी बड़ी चीज बनाते हैं, तो वह आप अपनी खुशी और संतुष्टि के लिए करते हैं.”

हालांकि, ऊंचे पदों पर बैठे लोगों का संरक्षण कुमावत ने बचपन से देखा है. फर्क सिर्फ इतना था कि तब यह संरक्षण बिड़ला परिवार की ओर से मिलता था, जो आजादी से पहले कांग्रेस के मशहूर आर्थिक मददगारों में से एक था.

मानेसर में मातू राम आर्ट सेंटर को आस-पड़ोस में ‘मूर्ति वाला बिल्डिंग’ के नाम से जाना जाता है | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट
मानेसर में मातू राम आर्ट सेंटर को आस-पड़ोस में ‘मूर्ति वाला बिल्डिंग’ के नाम से जाना जाता है | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट

उद्योगपति और विशालकाय कलाकृतियां

कुमावत के करियर के हर पहलू को उनके काम का विशाल पैमाना परिभाषित करता है. उन्होंने अपनी बताई गई एशिया की सबसे बड़ी आर्ट फाउंड्री बनाई है. अपने बड़े और भव्य विचारों को साकार करने के लिए वह सिर्फ कारीगरों के साथ ही नहीं, बल्कि इंजीनियरों की टीमों के साथ भी काम करते हैं. मूर्तिकारों के परिवार की तीसरी पीढ़ी से आने वाले किसी व्यक्ति के लिए यह सब पहले से तय लग सकता है, लेकिन एक समय ऐसा भी था, जब कुमावत खुद इस बात को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं थे कि उन्हें मूर्तिकार ही बनना है.

राजस्थान के पिलानी में पले-बढ़े कुमावत ने अपने पिता और मशहूर मूर्तिकार मातू राम वर्मा से यह कला सीखी, लेकिन बिड़ला परिवार के साथ उनके परिवार के जुड़ाव ने आखिरकार उनकी ज़िंदगी की दिशा बदल दी.

1988 में जीडी बिड़ला के बेटे बसंत कुमार बिड़ला ने मातू राम से पूछा कि क्या वह भगवान शिव की 50 फुट ऊंची मूर्ति बना सकते हैं. मातू राम, जो पिलानी के एक बिड़ला स्कूल में शिक्षक भी थे, ने कहा कि वह 100 फुट ऊंची मूर्ति बना सकते हैं. इसके बाद बिड़ला ने पूछा कि क्या वह इसे 200 फुट तक ऊंचा बना सकते हैं. मातू राम ने यह चुनौती स्वीकार कर ली.

नरेश कुमार कुमावत मूर्तिकारों के परिवार से हैं और उन्होंने अपने पिता, मशहूर मूर्तिकार मातू राम वर्मा से ट्रेनिंग ली है | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट
नरेश कुमार कुमावत मूर्तिकारों के परिवार से हैं और उन्होंने अपने पिता, मशहूर मूर्तिकार मातू राम वर्मा से ट्रेनिंग ली है | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट

यह काम सिर्फ परिवार की वर्कशॉप के दम पर पूरा नहीं किया जा सकता था. मातू राम ने स्ट्रक्चरल इंजीनियरों और आर्किटेक्ट्स से सलाह ली, स्केच और मॉडल तैयार किए और दिल्ली के बिड़ला हाउस में बीके बिड़ला, सरला बिड़ला और एक आर्किटेक्ट के सामने अपना प्रस्ताव पेश किया. इस प्रस्तुति के बाद पालम एयरपोर्ट के पास शिव मूर्ति का निर्माण हुआ. यह देश की शुरुआती विशालकाय मूर्तियों में से एक थी और दिल्ली की एक पहचान बन गई. हालांकि, आखिरकार इसकी ऊंचाई 85 फुट रही.

युवा कुमावत के लिए इस परियोजना ने यह समझने का मौका भी दिया कि कला क्या कुछ संभव बना सकती है. उन्होंने बताया कि बीके बिड़ला और सरला बिड़ला उनके घर आए थे, ताकि मूर्ति का मॉडल देख सकें.

उन्होंने कहा, “एक कर्मचारी के घर इतने बड़े उद्योगपतियों का आना अपने आप में एक ऐतिहासिक बात थी, लेकिन यह कला ही थी, जो उन्हें हमारे घर तक लेकर आई थी. आपका काम चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, हो सकता है कि लोग उससे जुड़ाव महसूस न करें. लेकिन अगर बात कला की हो, तो सबसे बड़ा उद्योगपति भी आपसे जुड़ जाता है.”

हालांकि, 1990 के दशक में जब उन्होंने 12वीं कक्षा पूरी की, तब तक कुमावत डॉक्टर या इंजीनियर बनने जैसे दूसरे विकल्पों के बारे में भी सोच रहे थे. उस समय बिड़ला एजुकेशनल ट्रस्ट के निदेशक कर्नल वीएम रत्नाकर ने उन्हें परिवार के काम से जुड़े रहने के लिए प्रोत्साहित किया.

रत्नाकर ने उनसे कहा, “जब आपके घर में ही एक करियर मौजूद है, तो बाहर क्यों तलाशना चाहते हैं?”

उनकी यह सलाह कुमावत को सही लगी और उन्होंने अपने पिता के मार्गदर्शन में परिवार के इस पेशे में पूरी तरह से खुद को लगा दिया. परिवार ने पौराणिक कथाओं के विशालकाय पात्रों की मूर्तियां बनाने में अपनी पहचान बना ली थी. ऐसे लोगों की ओर से बड़े ऑर्डर भी मिलते रहते थे, जो अपने देवी-देवताओं की विशाल मूर्तियां बनवाना चाहते थे.

कुमावत के शुरुआती कामों में से एक वडोदरा में 121 फुट ऊंची श्री सर्वेश्वर महादेव की मूर्ति थी, जिसे 2002 में पूरा किया गया. बाद में उन्होंने छतरपुर मंदिर में हनुमान की मूर्ति पर काम किया. वहीं उनकी मुलाकात कारोबारी अशोक कपूर से हुई, जिन्होंने उन्हें कई परियोजनाएं दीं.

नरेश कुमार कुमावत की वर्कशॉप में पौराणिक महाकाव्य और सैन्य नायक एक साथ मौजूद हैं | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट
नरेश कुमार कुमावत की वर्कशॉप में पौराणिक महाकाव्य और सैन्य नायक एक साथ मौजूद हैं | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट

अपनी अलग पहचान बनाना

अपने पिता के साथ काम करते हुए कुछ साल बीतने के बाद, कुमावत अपनी अलग पहचान और ब्रांड बनाना चाहते थे. इसके लिए उन्होंने स्वतंत्र रूप से अपना काम शुरू करने के लिए मातू राम से आर्थिक मदद मांगी, लेकिन पैसे देने के बजाय उनके पिता ने उन्हें तीन चीजें दीं: अपना नाम, अपनी कार और अपना आशीर्वाद. कार का इस्तेमाल वह तुरंत कर सकते थे, जबकि उनके पिता के मुताबिक बाकी दो चीजें लंबे समय में ज्यादा काम आने वाली थीं. कुमावत मानते हैं कि समय के साथ उनके पिता की यह बात सही साबित हुई.

सिक्किम में काम करने का एक मौका आखिरकार उन्हें आर्थिक रूप से अपने पैरों पर खड़ा करने में मददगार साबित हुआ. उस समय के मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग ने कुमावत को उनके मोबाइल फोन पर कॉल किया था. वह मातू राम से बात करना चाहते थे. लेकिन आखिरकार कुमावत ही दिल्ली में चामलिंग से मिलने गए और बाद में मूर्तियों का प्रस्ताव पेश करने सिक्किम पहुंचे. इनमें से एक 135 फुट ऊंची सोने की परत चढ़ी गुरु रिनपोछे की मूर्ति थी, जिसे 2004 में समद्रुप्त्से में पूरा किया गया.

तब तक कुमावत के पास अपना स्टूडियो था, उनकी शादी हो चुकी थी और अलग-अलग सामग्रियों को लेकर उनकी जिज्ञासा लगातार बढ़ रही थी. वह मिट्टी से मॉडल बनाते थे और परियोजना की जरूरत के हिसाब से कांसे, पंचधातु (पांच धातुओं का पारंपरिक मिश्रण) और स्टेनलेस स्टील के साथ काम करते थे. लेकिन एक चीज थी, जो अब भी उनकी पहुंच से बाहर थी. बड़ी और ज्यादा जटिल मूर्तियां बनाने के लिए यह बेहद जरूरी थी: धातु की ढलाई. वह अपनी खुद की फाउंड्री शुरू करना चाहते थे.

अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति के पास रेफरेंस फोटो. हर बड़ी मूर्ति के पीछे डिटेल्ड प्लानिंग होती है, जिसमें मेज़रमेंट, स्ट्रक्चरल मैपिंग और टेक्निकल ड्रॉइंग शामिल हैं | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट
अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति के पास रेफरेंस फोटो. हर बड़ी मूर्ति के पीछे डिटेल्ड प्लानिंग होती है, जिसमें मेज़रमेंट, स्ट्रक्चरल मैपिंग और टेक्निकल ड्रॉइंग शामिल हैं | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट

बड़े पैमाने पर काम करना

अपनी नई महत्वाकांक्षा को आकार लेते देख कुमावत ने यूट्यूब पर धातु की ढलाई करते कारीगरों के वीडियो एक के बाद एक देखने शुरू किए. इन वीडियो में कारीगर एल्युमीनियम की ढलाई करना सिखाते थे.

उन्होंने याद करते हुए कहा, “मैंने यूट्यूब की मदद से मेटल कास्टिंग सीखना शुरू किया. मैं एक वीडियो को 50 बार रोककर देखता था और उससे सीखता था.”

उन्होंने 2010 के आसपास इस प्रक्रिया को समझना शुरू किया और अगले साल गुरुग्राम के IMT मानेसर में अपनी फाउंड्री स्थापित की.

लेकिन फाउंड्री होने का मतलब यह नहीं था कि उन्हें इसे चलाना भी आता था. उनका पहला प्रोजेक्ट करीब 40 लाख रुपये का था, लेकिन उस समय फाउंड्री धातु से जुड़े काम को पूरा करने के लिए तैयार नहीं थी. उन्होंने दिल्ली के शाहदरा और मंडोली में कारीगरों की तलाश शुरू की. इनमें से कुछ ने उनकी अनुभवहीनता का फायदा उठाने की कोशिश भी की, लेकिन उनकी तलाश बेकार नहीं गई.

उन्होंने कहा, “एक दिन मुझे एक अच्छे कारीगर मिले, जो मेरे गुरु बन गए. उन्होंने मुझे सिखाया कि मेटल कास्टिंग कैसे की जाती है.”

मेटल-कास्टिंग प्रोसेस से पहले कारीगर बी.आर. अंबेडकर की मूर्ति के जूतों पर बहुत ध्यान से वैक्स लगा रहे हैं | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट
मेटल-कास्टिंग प्रोसेस से पहले कारीगर बी.आर. अंबेडकर की मूर्ति के जूतों पर बहुत ध्यान से वैक्स लगा रहे हैं | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट

ढलाई की तकनीकी बारीकियां सीखने, मशीनें जुटाने और एक टीम तैयार करने में समय लगा. लेकिन अगले डेढ़ दशक में यह फाउंड्री उनके काम का केंद्र बन गई. कुमावत का कहना है कि अब यहां 40 फुट तक ऊंचे एकल हिस्सों की ढलाई की जा सकती है. बाद में इन हिस्सों को निर्माण स्थल पर जोड़कर उनसे इससे कहीं ऊंची मूर्तियां बनाई जा सकती हैं. वह कुल मिलाकर करीब 270 लोगों को रोजगार देते हैं. इनमें फाउंड्री में काम करने वाले, परियोजना स्थलों पर तैनात लोग और भारत के बाहर काम करने वाले कर्मचारी शामिल हैं.

फाउंड्री के शुरुआती दिनों में उनके स्टूडियो को मिले सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक मिराज ग्रुप के चेयरमैन मदन पालिवाल की ओर से आया था. यह राजस्थान के नाथद्वारा में 369 फुट ऊंची शिव की मूर्ति बनाने का काम था, जिसे अब ‘स्टैच्यू ऑफ बिलीफ’ के नाम से जाना जाता है. इसकी आधारशिला 2012 में रखी गई थी, लेकिन इसे पूरा करने में करीब एक दशक लगा.

राजस्थान के नाथद्वारा में 369 फीट की ऊंचाई पर भगवान शिव की मूर्ति है | नरेश कुमार कुमावत वेबसाइट
राजस्थान के नाथद्वारा में 369 फीट की ऊंचाई पर भगवान शिव की मूर्ति है | नरेश कुमार कुमावत वेबसाइट

पालिवाल चाहते थे कि शिव की मूर्ति एक खास बैठी हुई मुद्रा में हो. कुमावत की टीम को यह तय करना था कि इतनी ऊंची आकृति कैसे बनाई जाए, उसके अनुपात सही कैसे रखे जाएं और यह सुनिश्चित कैसे किया जाए कि वह मजबूती से खड़ी रह सके. मूर्ति को वर्कशॉप में अलग-अलग हिस्सों में बनाया गया. इसके लिए पहले ढांचा और अलग-अलग हिस्से तैयार किए गए, फिर उन्हें निर्माण स्थल तक पहुंचाकर जोड़ा गया. कुमावत और उनकी टीम रेगुलरली वहां जाते थे. लिफ्ट लगने से पहले कई बार उन्हें करीब 1,500 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती थीं. काम का पूरा क्षेत्र लगभग दो लाख वर्ग फुट में फैला था.

इतने बड़े आकार की मूर्तियों में छोटी-सी गलती भी साफ दिखाई देने लगती है. किसी आकृति के अनुपात इस बात पर निर्भर करते हैं कि उसे कितनी ऊंचाई से देखा जा रहा है. कोई बारीकी जो जमीन से देखने पर सही लगती है, वह नीचे से काफी दूर खड़े होकर देखने पर ठीक नहीं लग सकती.

उन्होंने कहा, “अगर किसी बड़ी मूर्ति में जरा-सी भी कमी रह जाए, तो वह कमी पूरी मूर्ति के आकर्षण से ज्यादा ध्यान खींचती है. अगर किसी सफेद कैनवास पर काला बिंदु लगा दिया जाए, तो वह काला बिंदु उस पूरे सफेद कैनवास से ज्यादा नजर आता है.”

उनके मुताबिक, मूर्ति का उद्घाटन हो जाने के बाद भी उनकी जिम्मेदारी खत्म नहीं होती. उन्हें नागपुर में हनुमान की 162 फुट ऊंची मूर्ति याद है, जहां बारिश के कारण छाती पर किया गया ताजा रंग उतर गया और उसके नीचे धातु की सफेद परत दिखाई देने लगी. उनकी टीम ने प्रभावित हिस्से तक पहुंचने और उसकी मरम्मत करने के लिए 100 टन की क्रेन और एक ट्रॉली का इंतजाम किया.

कुमावत के लिए उस कमी को ठीक किए बिना छोड़ देना कोई विकल्प नहीं था. आखिरकार, उस काम के साथ उनका नाम और प्रतिष्ठा जुड़ी हुई थी.

उन्होंने कहा, “मुझे इसे इसलिए ठीक करना होता है क्योंकि मेरा पैसा फंस जाएगा, ऐसा नहीं है. बल्कि इसलिए कि मूर्ति बनने के कई साल बाद कोई यह नहीं पूछेगा कि इसे बनवाया किसने था. हर कोई पूछेगा कि इसे बनाया किसने था.”

नॉर्थ अमेरिका की सबसे ऊंची भगवान राम की मूर्ति का अनावरण 4 अगस्त 2025 को मिसिसॉगा के हिंदू हेरिटेज सेंटर में किया गया. यह मूर्ति 51 फीट ऊंची है | इंस्टाग्राम
नॉर्थ अमेरिका की सबसे ऊंची भगवान राम की मूर्ति का अनावरण 4 अगस्त 2025 को मिसिसॉगा के हिंदू हेरिटेज सेंटर में किया गया. यह मूर्ति 51 फीट ऊंची है | इंस्टाग्राम

सत्ता के गलियारों में मूर्तिकार

मोदी सरकार के पसंदीदा मूर्तिकार के तौर पर कुमावत की पहचान कई ऐसी परियोजनाओं के जरिए बनी, जिनकी वजह से उनकी कलाकृतियां सार्वजनिक जगहों पर प्रमुखता से दिखाई देने लगीं. उनके बनाए राष्ट्रीय पहचान से जुड़े प्रतीकों की कमी नहीं है. इनमें दीन दयाल उपाध्याय की अर्धप्रतिमा से लेकर सुप्रीम कोर्ट में आंबेडकर की मूर्ति और लखनऊ में अटल बिहारी वाजपेयी तथा श्यामा प्रसाद मुखर्जी की मूर्तियां शामिल हैं.

प्रधानमंत्री के साथ उनका जुड़ाव आधिकारिक परियोजनाओं तक ही सीमित नहीं रहा. पिछले साल NDTV को दिए एक इंटरव्यू में कुमावत ने बताया था कि उन्होंने उपहार के तौर पर मोदी की मां हीराबेन की एक मूर्ति बनाई थी. इसके बाद उनसे मोदी के पिता की मूर्ति बनाने के लिए भी कहा गया.

उन्होंने कहा था, “मैं उनसे गांधीनगर में एक बार मिला था. फिर मैंने खुद उनकी मूर्ति बनाई और प्रधानमंत्री को भेंट की. उन्होंने उसे अपने कमरे में रखा.”

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने इसमें सिर्फ एक बदलाव करने को कहा था: साड़ी की लंबाई थोड़ी कम कर दी जाए.

नई संसद की बिल्डिंग में 75 फुट लंबा पीतल का समुद्र मंथन म्यूरल नरेश कुमार कुमावत की मास्टरपीस में से एक है | स्पेशल अरेंजमेंट
नई संसद की बिल्डिंग में 75 फुट लंबा पीतल का समुद्र मंथन म्यूरल नरेश कुमार कुमावत की मास्टरपीस में से एक है | स्पेशल अरेंजमेंट

जिन मौकों को वह आज भी खुशी से याद करते हैं, उनमें नए संसद भवन के लिए बनाया गया समुद्र मंथन भी शामिल है. यह एक विशाल मूर्तिकला वाली भित्ति-कलाकृति है, जिसमें देवताओं और राक्षसों द्वारा समुद्र मंथन किए जाने की पौराणिक घटना को दर्शाया गया है. करीब 2022 में इसका काम सौंपा गया था. यह नए संसद भवन का हिस्सा बनीं बड़ी कलात्मक स्थापनाओं में से एक थी.

उस समय संस्कृति सचिव और अब केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने उनके स्टूडियो का दौरा किया था. उन्होंने काम देखा और कुमावत को इसे अपनी कलात्मक सोच के मुताबिक तैयार करने की पूरी छूट दी.

मातू राम आर्ट सेंटर में कुमावत को सालों से मिले सम्मान और पहचान दिखाई गई हैं | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट
मातू राम आर्ट सेंटर में कुमावत को सालों से मिले सम्मान और पहचान दिखाई गई हैं | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट

कुमावत ने कहा, “वह एक कलाकार के तौर पर हमें पूरी आजादी देते थे कि आप अपना काम अपने तरीके से करें.”

हालांकि, इस कलाकृति की परिकल्पना का पूरा श्रेय उन्होंने शीर्ष नेतृत्व को दिया.

उन्होंने इसके अनावरण के समय कहा था, “समुद्र मंथन का दृश्य बनाने का विचार हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना थी… ताकि पवित्र संसद से सही तरीके से देश की सेवा करने का प्रतीक सामने आए, जो हमारे देश और देशवासियों के लिए अमृत साबित हो.” उन्होंने उस समय कहा था.

कुमावत को कई बार भारत के बाहर भी काम करने का मौका मिला है. इस तरह वह एक तरह से कला के जरिए भारत का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं. उनका सबसे हालिया काम अटलांटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में सरदार वल्लभभाई पटेल की कांस्य अर्धप्रतिमा बनाना था. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 31 अक्टूबर को इसका अनावरण किया.

जयशंकर ने एक्स पर लिखा, “#राष्ट्रीयएकतादिवस पर सरदार वल्लभभाई पटेल की अर्धप्रतिमा का अनावरण करना सम्मान की बात है…वह प्रेरणा का एक स्थायी स्रोत हैं और हमें सरदार पटेल की दूरदृष्टि, नेतृत्व तथा भारत की एकता और अखंडता में उनके अमूल्य योगदान की याद दिलाते हैं.”

कुमावत कहते हैं कि वह हर परियोजना की सराहना करते हैं, यहां तक कि उन कामों की भी जिन्हें शुरुआत में पूरा करना लगभग असंभव लगता है.

उन्होंने कहा, “बहुत सारी परियोजनाएं थीं. मेरा मतलब है कि मैंने अपनी हर परियोजना का आनंद लिया. लेकिन कुछ परियोजनाएं ऐसी थीं, जिन पर काम करते समय मैं हमेशा सोचता था कि यह कैसे हो पाएगा. लेकिन आखिरकार वह हो गया.”

तकनीक, टीम और मानवीय स्पर्श

कुमावत ने यूट्यूब पर वीडियो देखते हुए सीखने के अपने शुरुआती दिनों से अब तक लंबा सफर तय किया है. उनके स्टूडियो में अब CNC मशीनें, 3D प्रिंटर और स्कैनर जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं. उनकी टीम 3D मॉडल, क्रॉस-सेक्शन और संरचनात्मक विश्लेषण की मदद से यह समझती है कि किसी मूर्ति को अंदर से किस तरह सहारा दिया जाए, ताकि वह मजबूती से खड़ी रह सके. इंजीनियर शरत गुप्ता भी इस प्रक्रिया का उतना ही अहम हिस्सा हैं, जितने कोई कारीगर. कुमावत उन्हें ‘स्टैच्यू ऑफ बिलीफ’, ‘स्टैच्यू ऑफ सोशल जस्टिस’ और ‘स्टैच्यू ऑफ स्ट्रेंथ’ के संरचनात्मक नक्शे तैयार करने का श्रेय देते हैं.

नरेश कुमार कुमावत काम पर. एडवांस्ड टेक्नोलॉजी इस्तेमाल करने के बावजूद, वह अभी भी हाथ से स्केच और स्क्रिबल बनाते हैं | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट
नरेश कुमार कुमावत काम पर. एडवांस्ड टेक्नोलॉजी इस्तेमाल करने के बावजूद, वह अभी भी हाथ से स्केच और स्क्रिबल बनाते हैं | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट

लेकिन कुमावत इस बात को लेकर सतर्क हैं कि तकनीक क्या कर सकती है और क्या नहीं. उनके लिए इंजीनियरिंग और कलात्मक काम एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं, लेकिन एक-दूसरे की जगह नहीं ले सकते. वह नटराज जैसी प्राचीन मूर्तियों का उदाहरण देते हैं, जिनमें शिव एक पैर पर संतुलन बनाए हुए हैं. वह सिंधु घाटी सभ्यता की ‘डांसिंग गर्ल’ का भी जिक्र करते हैं. उनके मुताबिक, पारंपरिक कला में भी कितनी गहरी तकनीकी समझ का इस्तेमाल किया जाता था, ये मूर्तियां इसकी मिसाल हैं.

उनका मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल टूल किसी व्यक्ति या वस्तु को स्कैन करने, किसी मॉडल का आकार बढ़ाने या मूर्ति के भीतर की संरचना तैयार करने में मदद कर सकते हैं. लेकिन अंतिम कलाकृति में मानवीय स्पर्श की जरूरत बनी रहती है.

कुमावत अपनी वर्कशॉप में कारीगरों से बात करते हुए. उनका कहना है कि वे उन्हें सहयोगी मानते हैं | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट
कुमावत अपनी वर्कशॉप में कारीगरों से बात करते हुए. उनका कहना है कि वे उन्हें सहयोगी मानते हैं | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट

उन्होंने कहा, “सारा काम आज भी हाथों से ही किया जाता है.”

कुमावत उन लोगों को भी इस काम का श्रेय देने के लिए उत्सुक रहते हैं, जिनके हाथों से ये मूर्तियां बनती हैं. वह उन्हें अपने सहयोगी मानते हैं और अपने स्टूडियो की तुलना एक अखबार से करते हैं. उनका कहना है कि किसी खबर पर रिपोर्टर का नाम जरूर होता है, लेकिन कोई भी प्रकाशन सिर्फ एक व्यक्ति की मेहनत से तैयार नहीं होता.

उन्होंने कहा, “मेरे हर काम में मेरे सभी कामगारों का भी उतना ही योगदान है. क्योंकि वे भी वहां होते हैं और मैं भी.”

इसका यह मतलब नहीं है कि वह काम को लेकर सख्त नहीं हैं. मटु राम आर्ट सेंटर्स में होने वाले काम के हर पहलू पर कुमावत की कड़ी नजर रहती है.

उन्होंने कहा, “आप पूरी तरह कामगारों पर निर्भर नहीं रह सकते. आप उनसे यह नहीं कह सकते कि 100 फुट की मूर्ति बना दो और फिर उसका उद्घाटन करवा लो.”

इसके साथ ही, वह उनके आराम और सहूलियत का भी ध्यान रखते हैं. वहां सभी के लिए एसी, संगीत और सुरक्षा के उपकरण उपलब्ध हैं.

उन्होंने कहा, “आपके पास ऐसी टीम होनी चाहिए जो आपके लिए और आपके साथ काम करे.”

कुमावत ने अपनी यात्राओं के दौरान जो औज़ार इकट्ठा किए, उनमें उनकी हाल की थाईलैंड यात्रा के औज़ार भी शामिल हैं | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट
कुमावत ने अपनी यात्राओं के दौरान जो औज़ार इकट्ठा किए, उनमें उनकी हाल की थाईलैंड यात्रा के औज़ार भी शामिल हैं | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट

आईने के उस पार

स्टूडियो परिसर में खुले आसमान के नीचे ‘द मिरर मेन’ अपने ब्लूप्रिंट से आकार ले रही है. सीढ़ियों पर चढ़े कारीगर इस पर काम कर रहे हैं. यह कलाकृति इंडिया बिएनाले ’26 में प्रदर्शित की जाएगी, जो 4 दिसंबर 2026 से 21 मार्च 2027 तक आयोजित होगा.

करीब 22 फुट ऊंची इस कलाकृति को शीशे की तरह चमकाए गए स्टेनलेस स्टील और कांसे से बनाया जा रहा है. इसकी परिकल्पना उपनिषदों के सिद्धांत “तत् त्वम् असि” यानी “वह तुम हो” पर आधारित है. इसमें इंसानी आकृतियों को इस तरह बनाया गया है कि दर्शक खुद को कलाकृति में देख सकें. इसके जरिए आत्मबोध, मानवीय पहचान और अस्तित्व के आपसी जुड़ाव जैसे विषयों को तलाशने की कोशिश की गई है. इसका शीर्षक भी कलाकृति और उसे देखने वाले व्यक्ति के बीच इसी संवाद की ओर इशारा करता है. यह मूर्ति सिर्फ देखने की वस्तु बनकर नहीं रहती, बल्कि दर्शक को भी उसके अनुभव का हिस्सा बना देती है.

कुमावत के इंस्टॉलेशन 'द मिरर मेन' की एक झलक, जिसका अनावरण 4 दिसंबर को इंडिया आर्ट, आर्किटेक्चर एंड डिज़ाइन बिएनले में किया जाएगा | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट
कुमावत के इंस्टॉलेशन ‘द मिरर मेन’ की एक झलक, जिसका अनावरण 4 दिसंबर को इंडिया आर्ट, आर्किटेक्चर एंड डिज़ाइन बिएनले में किया जाएगा | फोटो: वितस्ता कौल/दिप्रिंट

कुमावत के लिए यह कलाकृति उनके करियर में अब तक हावी रहे कमीशन पर बनाए गए विषयों से अलग हटकर काम करने का मौका भी है. उदाहरण के लिए, किसी व्यक्ति का चित्र या मूर्ति बनाते समय उसकी पहचान बनाए रखने वाली विशेषताओं को बरकरार रखना जरूरी होता है. इसके उलट, ‘द मिरर मेन’ में उन्हें अपनी कल्पना और व्याख्या के लिए ज्यादा गुंजाइश मिलती है. लेकिन इस पर काम करते समय भी वह उतने ही सावधान हैं, जितने किसी देवी-देवता या बड़े पद पर बैठे व्यक्ति की मूर्ति बनाते समय होते हैं. उनका मानना है कि सबसे पहले एक कलाकार का अपने काम से संतुष्ट होना जरूरी है.

उन्होंने कहा, “अगर मुझे ही यह पसंद नहीं आएगा, तो आपको कैसे पसंद आएगा?”

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: मोदी सरकार ने बंद की पोलियो वैक्सीन बनाने वाली सरकारी कंपनी BIBCOL, कर्मचारी गहने तक बेचने को मजबूर


 

share & View comments