scorecardresearch
Friday, 17 July, 2026
होमसमाज-संस्कृतिथ्री इडियट्स करते समय मुझे सोनम वांगचुक के बारे में नहीं पता था: आमिर खान

थ्री इडियट्स करते समय मुझे सोनम वांगचुक के बारे में नहीं पता था: आमिर खान

लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में आमिर खान ने कहा कि 3 इडियट्स बनाते समय न तो राजकुमार हिरानी और न ही अभिजात जोशी, सोनम वांगचुक को जानते थे. उधर, वांगचुक की भूख हड़ताल का 20वां दिन है.

Text Size:

नई दिल्ली: अभिनेता आमिर खान ने गुरुवार को लंदन में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि फिल्म 3 इडियट्स में उनका किरदार फुंसुख वांगडू, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से प्रेरित नहीं था. उन्होंने इसे एक “गलतफहमी” बताया.

आमिर खान ने बीएफआई की ओर से आयोजित लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल के कार्यक्रम में कहा, “जब हम 3 इडियट्स बना रहे थे, तब मैं सोनम जी के बारे में नहीं जानता था. मैंने हाल ही में चतुर (अभिनेता ओमी वैद्य) का एक वीडियो देखा. वह गलत हैं. शायद चतुर ऐसा सोचते हों, लेकिन मैं बताना चाहता हूं कि फिल्म बनाते समय न निर्देशक राजकुमार हिरानी और न ही लेखक अभिजात जोशी, वांगचुक को जानते थे.”

आमिर का यह बयान तब आया, जब पत्रकार नबनीता सरकार ने उनसे नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ सोनम वांगचुक की चल रही भूख हड़ताल पर सवाल पूछा.

आमिर खान ने साफ कहा कि उनके किरदार और प्रदर्शन कर रहे वांगचुक के बीच कोई संबंध नहीं है.

हालांकि, आमिर ने कहा कि इस समय सबसे ज्यादा ध्यान वांगचुक की सेहत पर होना चाहिए क्योंकि 17 जुलाई को उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का 20वां दिन है. आमिर के मुताबिक, लोगों के सम्मान के लिए वांगचुक के काम का 3 इडियट्स से जुड़ा होना ज़रूरी नहीं है.

उन्होंने कहा, “हम सभी उनकी सेहत और उनकी ज़िंदगी को लेकर बहुत चिंतित हैं. हम उम्मीद करते हैं कि सब ठीक होगा. हम सभी चाहते हैं कि वह अपनी भूख हड़ताल खत्म करें.”

कई सालों से लोग मानते रहे हैं कि 3 इडियट्स का किरदार फुंसुख वांगडू, सोनम वांगचुक से प्रेरित था. हाल ही में यह चर्चा फिर शुरू हुई, जब अमेरिका में रहने वाले अभिनेता ओमी वैद्य, जिन्होंने फिल्म में चतुर का किरदार निभाया था, उन्होंने वांगचुक का समर्थन किया.

ओमी वैद्य ने वांगचुक के साथ तस्वीरें शेयर करते हुए उन्हें “दिलचस्प इंसान” बताया. इसके बाद उन्होंने कहा कि फुंसुख वांगडू का किरदार उन्हीं पर आधारित था.

इसके बाद से सोशल मीडिया पर लोग आमिर खान और फिल्म निर्माता राजकुमार हिरानी से पूछ रहे हैं कि उन्होंने वांगचुक के समर्थन में कुछ क्यों नहीं कहा. अपने हालिया बयान में आमिर ने यह भी कहा कि खुद वांगचुक भी पहले कह चुके हैं कि यह किरदार उन पर आधारित नहीं है.

साल 2023 में कौन बनेगा करोड़पति कार्यक्रम में सोनम वांगचुक ने कहा था, “अगर आप कहें कि प्रेरित है, तो मैं इससे इनकार नहीं करूंगा. बहुत से लोग कहते हैं कि यह फिल्म मुझ पर बनी है, लेकिन मैं इससे सहमत नहीं हूं. सही शब्द यह होगा कि शायद इससे प्रेरणा ली गई हो या इसका असर रहा हो. साथ ही, मैं नहीं चाहता कि इस देश के लोग किसी बात को सिर्फ इसलिए मान लें क्योंकि उसका संबंध किसी फिल्म से है. इसलिए अगर फिल्म मुझसे प्रभावित है, तो मुझे इस पर ज्यादा गर्व नहीं है और अगर मुझसे प्रेरित नहीं है, तो मुझे इसका कोई अफसोस भी नहीं है.”

सोनम वांगचुक कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से 28 जून से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं. वह कथित नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर कांग्रेस ने तोड़ी चुप्पी, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर खामोशी बरकरार


 

share & View comments