नई दिल्ली: आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा की ज़िंदगी पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस सफलता के बाद SonyLIV ने उनके जीवन पर एक नई वेब सीरीज बनाने का ऐलान किया है.
ओटीटी प्लेटफॉर्म ने 1 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर इस सीरीज का टीजर जारी किया.
प्रोमो की शुरुआत एक बुजुर्ग व्यक्ति के नदी किनारे चलते हुए होती है. बैकग्राउंड में आवाज आती है, “जिस शख्स की कहानियों ने पूरे देश को हैरान कर दिया. अब देश उनकी जिंदगी की दूसरी जादुई कहानियां देखेगा.”
इस व्यक्ति को कंबल ओढ़े हुए दिखाया गया है, जो आमतौर पर नीम करोली बाबा से जुड़ा माना जाता है. वह आसमान की ओर हाथ उठाता है और तभी हिंदू देवता हनुमान की तस्वीर दिखाई देती है.
यह सीरीज SonyTV पर दिखाई जाएगी और SonyLIV पर भी स्ट्रीम की जा सकेगी.
इंस्टाग्राम पर फैन्स ने इस ऐलान का स्वागत किया. कई यूजर्स ने कमेंट में “जय श्री राम” लिखा.
एक व्यक्ति ने मेकर्स से नीम करोली बाबा की कहानी को सही और वास्तविक तरीके से दिखाने की अपील की.
एक कमेंट में लिखा था, “झूठ और गलत कहानियां मत दिखाइए. कृपया सच पेश करें.”
हालांकि, हर कोई इस सीरीज की जरूरत को लेकर सहमत नहीं था.
एक यूज़र ने लिखा, “उफ्फ… इसकी जरूरत नहीं थी. हाल ही में जो बनाया गया था, वह पूरे दिल और आस्था के साथ बनाया गया था.”
एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, “अब पूरी इंडिया नीम करोली बाबा पर फिल्म बनाएगी क्योंकि एक हिट हो गई, इसलिए…” यानी एक फिल्म के हिट होने के बाद अब पूरा देश नीम करोली बाबा पर फिल्म बनाएगा.
यह ऐलान ‘हनुमान अंश’ के मेकर्स की ओर से ट्रिलॉजी बनाने की योजना साझा किए जाने के कुछ हफ्तों बाद आया है. इसके बाद से इसके सीक्वल को लेकर कोई ठोस अपडेट नहीं आया है. ‘हनुमान अंश’ को अभी OTT रिलीज की तारीख भी नहीं मिली है और यह लगातार आठ हफ्तों से सिनेमाघरों में चल रही है.
7 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म को शुरुआत में सिनेमाघरों में दर्शक जुटाने में मुश्किल हुई थी. यह फिल्म 300 स्क्रीन पर रिलीज हुई थी, लेकिन बाद में इसकी स्क्रीन संख्या घटाकर करीब 30 कर दी गई. हालांकि, तीसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई में बदलाव आया और बॉक्स ऑफिस पर इसे रफ्तार मिलने लगी.
अब ‘हनुमान अंश’ को सिनेमाघरों में 56 दिन पूरे हो गए हैं. फिल्म ने भारत में 314.9 करोड़ रुपये और दुनियाभर में 410.75 करोड़ रुपये की कमाई की है.
‘बटवारा 1947’, ‘आवारापन 2’ और ‘मिर्जापुर: द मूवी’ जैसी कई बड़े सितारों वाली फिल्मों से मुकाबले के बावजूद ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी जगह बनाए रखने में कामयाब रही.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: गांव के बहिष्कार से फिल्मी पहचान तक, जानिए ‘हनुमान अंश’ के गायक सुनील लोधी की कहानी