scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशतमिलनाडु में पूर्वाह्न 11 बजे तक 37.56 प्रतिशत मतदान

तमिलनाडु में पूर्वाह्न 11 बजे तक 37.56 प्रतिशत मतदान

Text Size:

(फोटो के साथ)

चेन्नई, 23 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीट पर बृहस्पतिवार को हुए मतदान में उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली जहां लगभग 5.73 करोड़ मतदाताओं में से लगभग 38 प्रतिशत ने पूर्वाह्न 11 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

भारत निर्वाचन आयोग (ईसी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह सात बजे मतदान प्रक्रिया शुरू होने के बाद शुरुआती चार घंटों में मतदान प्रतिशत 37.56 रहा।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, पूर्वाह्न 11 बजे तक करीब दो करोड़ मतदाताओं ने अपना वोट डाला।

तिरुप्पुर जिले में सबसे ज्यादा 42.45 प्रतिशत मतदान हुआ।

चेन्नई में 35.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि मदुरै (36.22), कोयंबटूर (38.62) और मध्य में स्थित तिरुचिरापल्ली जिले (38.08) में भी अच्छा मतदान हुआ।

चेन्नई के कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्वाह्न 11 बजे तक 37.06 प्रतिशत मतदान हुआ। इस सीट से मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी में 34.44 प्रतिशत मतदान हुआ, जहां से उपमुख्यमंत्री और स्टालिन के बेटे उदयनिधि दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं।

इसी तरह, एडप्पाडी निर्वाचन क्षेत्र में 39.94 प्रतिशत मतदान हुआ। ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी अपने पारंपरिक क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं और उन्हें द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) से चुनौती मिल रही है, जबकि अभिनेता विजय की तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) पार्टी एक निर्दलीय उम्मीदवार का समर्थन कर रही है क्योंकि पार्टी के उम्मीदवार के चुनाव दस्तावेजों को तकनीकी कारणों से जांच के दौरान खारिज कर दिया गया था।

तिरुचिरापल्ली पूर्व में पूर्वाह्न 11 बजे तक 37.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। टीवीके प्रमुख विजय तिरुचिरापल्ली पूर्व से चुनाव लड़ रहे हैं।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments