नयी दिल्ली,पांच अक्टूबर (भाषा) सीनियर राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमक का अनुबंध 2026 तक बढ़ा दिया गया है। अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने गुरुवार को यह घोषणा की।
अनुबंध के अनुसार अगर भारत फीफा विश्व कप क्वालीफायर्स के तीसरे दौर के लिए क्वालीफाई करता है तो क्रोएशिया के रहने वाले स्टिमक का अनुबंध अगले दो वर्षों के लिए स्वत: ही बढ़ जाएगा।
भारत के पूर्व खिलाड़ी और सीनियर पुरुष टीम के सहायक कोच महेश गवली को अंडर-23 पुरुष टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है।
फीफा विश्व कप 1998 में तीसरे नंबर पर रहने वाली क्रोएशिया की टीम के सदस्य रहे स्टिमक ने 2019 में भारतीय टीम का मुख्य कोच पद संभाला था। उनके रहते हुए भारतीय टीम ने चार प्रमुख खिताब जीते जिनमें सैफ चैंपियनशिप के दो खिताब शामिल हैं।
भाषा
पंत मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
