scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र : भाजपा ने अडाणी समूह को लेकर राहुल गांधी से पूछे सवाल

महाराष्ट्र : भाजपा ने अडाणी समूह को लेकर राहुल गांधी से पूछे सवाल

Text Size:

मुंबई, 31 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उद्योगपति गौतम अडाणी और उनके समूह का जुड़ाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बताने को लेकर बृहस्पतिवार को पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता के बयान को ‘बचकाना’ करार दिया।

भाजपा ने कहा कि राहुल को यह बताना चाहिए कि 2014 से पहले केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार ने अडाणी समूह को भूमि क्यों दी थी।

भाजपा की राज्य इकाई ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, ”बचकानी सोच वाले राहुल गांधी को यह बताना चाहिए कि 2014 से पहले कांग्रेस सरकार ने अडाणी समूह को प्रमुख स्थानों पर भूमि क्यों आवंटित की थी। पिछली कांग्रेस सरकार ने अडाणी समूह को कई पुरस्कार दिए थे, इसकी जानकारी भी लोगों को दी जानी चाहिए।”

भाजपा ने पूछा, ”(राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के संस्थापक) शरद पवार ने जेपीसी (अडानी समूह मामलों की जांच) की कांग्रेस की मांग का विरोध क्यों किया, जो हिंडेनबर्ग रिपोर्ट पर आधारित थी? 2013 में महाराष्ट्र में कांग्रेस सरकार ने 660 मेगावाट का तिरोड़ा बिजली संयंत्र अडाणी समूह को क्यों दिया? ”

इससे पहले राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी से अडाणी समूह के खिलाफ नए आरोपों पर सफाई देने को कहा। राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी से संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को जांच का आदेश देने की मांग की क्योंकि देश में जी20 शिखर सम्मेलन से पहले भारत की प्रतिष्ठा दांव पर है।

भाषा जितेंद्र आशीष

आशीष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments