नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने शुक्रवार को द्वारका में 23 एकड़ की जमीन पर बने खेल परिसर का उद्घाटन किया।
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के एक अधिकारी ने कहा कि सेक्टर 17 में 92 करोड़ की लागत से द्वारका खेल परिसर बना है जो 23.13 एकड़ की जमीन पर फैला है, जिसमें खेल की कई सुविधायें और योग के लिए हॉल भी मौजूद है।
उपराज्यपाल सक्सेना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिल्ली के लोगों के लिए यह खूबसूरत तोहफा है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रधानमंत्री की ओर से दिल्ली के लोगों के लिए खूबसूरत भेंट है। प्रधानमंत्री दिल्ली को और आगे बढ़ते और यहां ज्यादा से ज्यादा सुविधायें बनते हुए देखना चाहते हैं। ’’
खेल परिसर में क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस, टेबल टेनिस और स्क्वॉश की सुविधायें हैं।
सक्सेना ने कहा, ‘‘यहां सभी तरह की सुविधायें उपलब्ध हैं और मैं द्वारका के लोगों से इस परिसर का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने का अनुरोध करूंगा। ’’
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
