राजौरी/जम्मू, 15 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के मुगल रोड पर बर्फ हटाने का काम अगले सप्ताह पूरा होने की संभावना है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि ईद-उल-फितर को लेकर सड़क चालू करने की मांग तेजी हो रही है।
गौरतलब है कि जम्मू क्षेत्र में पूंछ और राजौरी के सीमावर्ती जिलों को दक्षिण कश्मीर के शोपियां से जोड़ने वाला यह वैकल्पिक सड़क भारी बर्फवारी के कारण जनवरी महीने में बंद कर दिया गया था।
अधिकारियों ने बताया, ‘मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा बर्फ हटाए जाने का काम अपने अंतिम चरण में है और हम इसके अगले सप्ताह तक पूरा होने की उम्मीद कर रहे हैं।’’
लोक निर्माण विभाग (मुगल सड़क परियोजना) के सहायक कार्यकारी अभियंता (एईई) शौकत अली ने पीटीआई-भाषा को बताया, ”वाहन यातायात के लिए इसे औपचारिक रूप से फिर से खोलने से पहले नागरिक और यातायात पुलिस विभागों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा।”
मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक अभियंता, तारिक महमूद खान ने बताया कि लगभग दो सप्ताह पहले सड़क से बर्फ हटा दिया गया था, लेकिन ताजा बर्फबारी के कारण इसके खुलने में देरी हुई।
उन्होंने कहा, ‘हमारे कर्मचारी और मशीनरी काम पर लगे हुए हैं और हम उम्मीद कर रहे हैं कि अगले सप्ताह तक बर्फ हटाने का काम पूरा हो जाएगा।’
अपनी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री चौधरी जुल्फकार अली ने मुगल रोड को तत्काल खोलने की मांग की और कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कश्मीर के लिए ऐतिहासिक वैकल्पिक सड़क को चालू रखने के लिए जिम्मेदार अधिकारी ऐसा करने में विफल रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘मुगल रोड मार्च के पहले सप्ताह में खुलने वाला था, लेकिन अभी भी बंद है। इससे स्वास्थ्य संबंधी जांच, रोजगार, शिक्षा और व्यापार सहित विभिन्न कारणों से रोजाना एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में जाने वाले सैकड़ों लोगों को दिक्कत हो रही है।’’
भाषा साजन अर्पणा
अर्पणा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.