मीरपुर, 23 दिसंबर ( भाषा ) भारतीय टीम को शुरूआती संकट से निकालने वाले ऋषभ पंत शतक से सात रन से चूके और टीम पहली पारी में विशाल बढत लेने से चूक गई । बांग्लादेश ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार को आखिरी सत्र में वापसी करते हुए भारत को पहली पारी में सिर्फ 87 रन की बढत लेने दी ।
बांग्लादेश के पहली पारी के 227 रन के जवाब में भारतीय टीम पहली पारी में 314 रन पर आउट हो गई । दूसरे दिन का खेल समाप्त होने पर मेजबान ने बिना किसी नुकसान के सात रन बना लिये थे । नजमुल हुसैन शांतो पांच और जाकिर हुसैन दो रन बनाकर खेल रहे थे ।
इससे पहले पंत और श्रेयस अय्यर के आउट होने के बाद भारतीय टीम विशाल बढत नहीं ले सकी । भारत ने चाय के बाद 90 रन जोड़कर छह विकेट गंवाये और इनमें से चार शाकिब अल हसन ने ली । बायें हाथ के स्पिनर तैजुल इस्लाम ने 74 रन देकर चार विकेट चटकाये ।
पंत ने 104 गेंद में 93 रन बनाये जबकि श्रेयस अय्यर ने 105 गेंद में 87 रन की पारी खेली । दोनों ने पांचवें विकेट की साझेदारी में 159 रन बनाये । इसके बाद बांग्लादेश के कप्तान शाकिब ने 79 रन देकर चार विकेट लिये और भारत को बड़ी बढत नहीं लेने दी ।
अपने कल के स्कोर बिना किसी नुकसान के 19 रन से आगे खेलते हुए भारत ने आज 78 . 3 ओवर में 295 रन जोड़े ।
पंत ने अपनी पारी में पांच छक्के जड़े जिनमें से दो तैजुल इस्लाम को , दो मेहदी हसन मिराज को और एक शाकिब अल हसन को लगाया । उन्होंने पारी में सात चौके भी लगाये । वह आखिरी सत्र में आउट होने वाले पहले बल्लेबाज रहे और मिराज की गेंद पर विकेट के पीछे नुरूल हसन को कैच दे बैठे ।
शाकिब ने अक्षर पटेल ( चार ) को पहला शिकार बनाया और अय्यर के रूप में दूसरा विकेट लिया । अय्यर 73वें ओवर में पगबाधा आउट हुए और उन्होंने अपनी पारी में दस चौके तथा दो छक्के लगाये । शाकिब ने रविचंद्रन अश्विन (12) और मोहम्मद सिराज (सात ) को पवेलियन भेजकर चार विकेट पूरे किये ।
इससे पहले भारत ने दूसरे सत्र में चौथा विकेट 94 रन पर गंवा दिया था जब कोहली को तसकीन अहमद ने पवेलियन भेजा । इसके बाद पंत ने पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाई । अय्यर ने उनका बखूबी साथ निभाते हुए श्रृंखला में दूसरा अर्धशतक पूरा किया ।
पहले सत्र में कप्तान के एल राहुल का खराब फॉर्म बदस्तूर जारी रहा और बांग्लादेश केइस्लाम ने भारत के शुरूआती तीन विकेट 86 रन पर निकाल दिये । राहुल ( 10) और शुभमन गिल ( 20) को इस्लाम ने पगबाधा आउट किया । इस्लाम ने पहले सत्र में 13 ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट लिये ।
चेतेश्वर पुजारा 24 रन बनाकर फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर मोमिनुल हक को कैच दे बैठे ।
पहले दिन पिच को भांपने में गलती करने वाले राहुल को बेहद रक्षात्मक खेलने का खामियाजा भुगतना पड़ा । क्रीज पर 45 गेंदें खेलने के दौरान वह एक बार भी सहज नहीं लगे । दूसरी ओर गिल अधिक सहज नजर आये हालांकि तैजुल ने अच्छी लैंग्थ की गेंद उन्हें डालना जारी रखा ।
राहुल रक्षात्मक खेलने के प्रयास में ही पगबाधा आउट हुए । डीआरएस का फैसला भी बांग्लादेश के पक्ष में रहा ।
गिल स्वीप शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे । पुजारा आत्मविश्वास से भरे दिखे लेकिन टर्न लेती गेंद पर विकेट बचाकर खेलना मुश्किल था ।
भाषा
मोना नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.