scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमविदेशएससीओ महासचिव झांग ने योग विरासत विश्व के साथ साझा करने के लिए भारत की प्रशंसा की

एससीओ महासचिव झांग ने योग विरासत विश्व के साथ साझा करने के लिए भारत की प्रशंसा की

Text Size:

बीजिंग, 10 मई (भाषा) चीन में भारतीय दूतावास ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के यहां स्थित मुख्यालय में ‘कार्यालय योग’ सत्र आयोजित करके अगले महीने के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह के लिए तैयारियों की शुरुआत की।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईवाईडी) आमतौर पर चीन में उत्साह के साथ मनाया जाता है, जहां योग बहुत लोकप्रिय है। 2014 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा इसकी शुरुआत किये जाने के बाद से यहां कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। यह हर साल 21 जून को दुनिया भर में मनाया जाता है।

एससीओ के महासचिव झांग मिंग और चीन में भारतीय राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने एससीओ राजनयिकों के साथ विशेष योग सत्र में हिस्सा लिया। इसका आयोजन ‘वीयोग अकादमी’ बीजिंग के योग शिक्षक आशीष बहुगुणा द्वारा किया गया था।

वरिष्ठ चीनी राजनयिक झांग ने कहा, ‘‘योग न केवल एक प्राचीन भारतीय अभ्यास है बल्कि स्वयं को और ब्रह्मांड को खोजने का एक तरीका भी है। यह हमें सद्भाव और संतुलन के सिद्धांत सिखाता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत इस महान विरासत का उत्तराधिकारी है’’ और उसने इसे अपने पास रखने या छिपाने के बजाय दुनिया के साथ साझा किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘योग का दर्शन ‘शंघाई भावना’ के सिद्धांतों के अनुरूप है जो हमें शांति और सद्भाव से रहने का आह्वान करता है।’’

रावत ने कहा, ‘‘भारत सितंबर 2022 में एससीओ की अध्यक्षता ग्रहण करेगा और सभी क्षेत्रों में एससीओ की भूमिका को समृद्ध करने में एक बहुत ही रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए उत्सुक है।’’

भाषा अमित पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments