scorecardresearch
Sunday, 21 June, 2026
होमविदेशअमेरिका, ईरान और पाकिस्तान के प्रमुख नेता बातचीत के लिए स्विट्जरलैंड पहुंचे

अमेरिका, ईरान और पाकिस्तान के प्रमुख नेता बातचीत के लिए स्विट्जरलैंड पहुंचे

Text Size:

ज्यूरिख, 21 जून (भाषा) पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के मकसद से होने वाली उच्चस्तरीय बातचीत के लिए रविवार को स्विट्जरलैंड पहुंचने वाले बड़े नेताओं में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर गालिबाफ और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ शामिल हैं।

वेंस रविवार सुबह पहुंचे, जबकि अमेरिका की तरफ से बातचीत में शामिल होने वाले दूत स्टीव विटकोफ और सलाहकार जेरेड कुशनर पहले से ही वहां मौजूद हैं।

वेंस ने रवाना होने से पहले फॉक्स न्यूज से कहा, “जेरेड और स्टीव से आज (शनिवार) सुबह हुई बातचीत के आधार पर मुझे लगता है कि सबकुछ ठीक चल रहा है।”

सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ के अनुसार, ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गालिबाफ कर रहे हैं।

खबर में कहा गया, “विदेश मंत्री अब्बास अराघची, सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के उप सचिव अली बघेरी कानी और ईरान के केंद्रीय बैंक के गवर्नर अब्दुलनासेर हेम्मती भी इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।”

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ भी रविवार को ज्यूरिख पहुंचे। उनके साथ सेना प्रमुख आसिम मुनीर और अन्य प्रतिनिधि भी थे।

पाकिस्तानी विदेश कार्यालय ने शनिवार को एक बयान में कहा, “पाकिस्तान, इस्लामाबाद सहमति पत्र के तहत बनी समझ को आगे बढ़ाने के मकसद से, मध्यस्थ की अपनी भूमिका में इस प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाना जारी रखेगा।”

‘इरना’ ने यह भी बताया कि रविवार को अराघची और उनके स्विस समकक्ष इग्नाज़ियो कैसिस के बीच बैठक हुई।

आधिकारिक बयान के अनुसार, कतर के वार्ताकार भी इस बैठक में शामिल होंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने पिछले हफ्ते एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए, जिससे पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के लिए 60 दिन की बातचीत की प्रक्रिया शुरू हुई।

मुख्य मध्यस्थ पाकिस्तान ने ‘गारंटर’ के तौर पर इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

भाषा प्रशांत नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments