scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमविदेशमक्का समझौते वाले देशों के शीर्ष रक्षा अधिकारियों ने ईरान के सुरक्षा प्रमुख से मुलाकात की

मक्का समझौते वाले देशों के शीर्ष रक्षा अधिकारियों ने ईरान के सुरक्षा प्रमुख से मुलाकात की

Text Size:

इस्लामाबाद, 26 अक्टूबर (भाषा) सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के शीर्ष रक्षा अधिकारियों ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच क्षेत्रीय हालात पर चर्चा के लिए सोमवार को तेहरान में ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसिन रजाई से संयुक्त रूप से मुलाकात की।

ईरान के सरकारी प्रसारक ‘प्रेस टीवी’ के अनुसार, सऊदी अरब के रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान, तुर्किये की खुफिया एजेंसी के प्रमुख इब्राहिम कालिन और पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने संयुक्त रूप से मेजर जनरल रजाई से मुलाकात की। इस दौरान ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी उनके साथ मौजूद थे।

खबर में कहा गया, ‘‘बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा, सैन्य आक्रामकता के परिणामों और फलस्तीन तथा लेबनान को समर्थन देने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।’’

यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब आशंका है कि क्षेत्र में बढ़ता तनाव और अधिक देशों को संघर्ष में खींच सकता है।

हाल के हफ्तों में सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के हवाई अड्डों, तेल सुविधाओं और सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। वहीं, सऊदी अरब ने कहा है कि उसने मिसाइलों और ड्रोनों को बीच में ही रोक दिया है।

ईरान के सरकारी प्रसारक ‘आईआरआईबी’ ने बैठक का एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि ‘‘क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता’’ पर चारों देशों की बैठक शुरू हुई है।

वीडियो में फील्ड मार्शल मुनीर और गृह मंत्री मोहसिन नकवी को रजाई, अराघची, प्रिंस खालिद और कालिन के साथ बैठे देखा जा सकता है।

मुनीर की एक हफ्ते के भीतर तेहरान की यह दूसरी यात्रा है। ऐसे संकेत भी मिल रहे हैं कि अमेरिका, ईरान के साथ एक और दौर की लड़ाई की तैयारी कर रहा है।

सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के उप सचिव अली बाघेरी के अनुसार, चारों देशों की यह बैठक पाकिस्तान के प्रस्ताव पर आयोजित की गई।

इससे कुछ घंटे पहले बाघेरी ने कहा था कि ‘‘पश्चिम एशिया में आंतरिक रूप से विकसित सुरक्षा की अवधारणा को लागू करने के प्रयासों के तहत सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के वरिष्ठ अधिकारी तेहरान आएंगे।’’

पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये अगस्त में हुए मक्का संयुक्त रक्षा समझौते का हिस्सा हैं। इस समझौते के तहत, तीनों देशों में से किसी एक पर हमला होने को सभी देशों पर हमला माना जाएगा।

यह उच्चस्तरीय बैठक पाकिस्तान के सेना प्रमुख की तेहरान यात्रा के कुछ दिन बाद हो रही है। उस दौरान उन्होंने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान, संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबफ और रजाई से मुलाकात की थी।

भाषा आशीष देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments