scorecardresearch
Friday, 14 August, 2026
होमविदेशपाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री ने अमेरिका, ब्रिटेन और चीन के राजनयिकों के साथ बातचीत की

पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री ने अमेरिका, ब्रिटेन और चीन के राजनयिकों के साथ बातचीत की

Text Size:

इस्लामाबाद, 14 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री इसहाक डार ने शुक्रवार को द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करने के लिए अमेरिका की प्रभारी राजदूत नताली बेकर, ब्रिटेन की उच्चायुक्त जेन मैरियट और चीनी राजदूत जियांग जैडोंग के साथ अलग-अलग बातचीत की।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, अमेरिकी राजनयिक के साथ अपनी बैठक में डार ने पाकिस्तान-अमेरिका संबंधों में सकारात्मक दिशा की सराहना की और स्थायी शांति के लिए बातचीत और कूटनीति के महत्व पर जोर दिया।

विदेश मंत्री डार ने जोर देकर कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष को खत्म करने का एकमात्र रास्ता अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन (एमओयू) को उसकी मूल भावना में और अक्षरशः लागू करना है।

विदेश मंत्रालय ने कहा, “उन्होंने अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करते हुए क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के प्रति पाकिस्तान की प्रतिबद्धता को दोहराया।”

इसमें कहा गया है कि बेकर ने “क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में पाकिस्तान की सकारात्मक भूमिका की सराहना की और पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर उप-प्रधानमंत्री/विदेश मंत्री को बधाई दी।”

उच्चायुक्त मैरियट के साथ बातचीत में, डार ने “पाकिस्तान-ब्रिटेन संबंधों में सकारात्मक गति की सराहना की”।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेश मंत्री ने “मनीला में आसियान क्षेत्रीय मंच के दौरान ब्रिटेन के विदेश मंत्री एड मिलिबैंड के साथ हुई अपनी हालिया मुलाकात को याद किया और लगातार उच्च-स्तरीय संपर्क बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।”

इसमें कहा गया है कि बैठक के दौरान दोनों ने “आपसी हित के अहम मुद्दों और द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।”

ये अहम बातचीत ऐसे समय में हुई जब पाकिस्तान, अमेरिका और ईरान के बीच टकराव को खत्म करने की कोशिश कर रहा है।

राजदूत जियांग के साथ अपनी मुलाकात के दौरान, डार ने “गिलगित-बाल्टिस्तान में ब्रॉड पीक पर हिमस्खलन की घटना के बाद एक चीनी पर्वतारोही की दुखद मौत” पर शोक व्यक्त किया।

विदेश कार्यालय ने कहा कि डार ने “मृतक के अवशेषों को वापस भेजने में पूरी मदद का भरोसा दिलाया।”

उसने कहा कि जियांग ने “घटना के बाद पाकिस्तान की त्वरित मदद और सहयोग की सराहना की।”

दोनों ने क्षेत्रीय घटनाक्रम और आपसी हित के अन्य मामलों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments