scorecardresearch
Wednesday, 14 October, 2026
होमविदेशनेपाल : विजयादशमी के लिए काठमांडू लाए जा रहे पशुओं की स्वास्थ्य जांच शुरू

नेपाल : विजयादशमी के लिए काठमांडू लाए जा रहे पशुओं की स्वास्थ्य जांच शुरू

Text Size:

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 14 अक्टूबर (भाषा) नेपाल के अधिकारियों ने 10 दिवसीय बड़ा दशैन या विजयादशमी पर्व के दौरान मांसाहार के लिए काठमांडू घाटी लाए जा रहे बकरे-बकरियों, भेड़ों और भैंसों की स्वास्थ्य जांच शुरू कर दी है।

एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस जांच का उद्देश्य पर्व के दौरान घाटी में बीमार और अस्वस्थ पशुओं के प्रवेश को रोकना है। इस दौरान मांस की मांग में काफी वृद्धि हो जाती है।

यह पर्व 11 अक्टूबर को शुरू हुआ। चंद्र कैलेंडर के अनुसार, यह दिन आश्विन शुक्ल प्रतिपदा यानी शुक्ल पक्ष का पहला दिन था। लोग इस पर्व के दौरान भोज का आयोजन करते हैं।

पशुपालन सेवा विभाग ने उपभोक्ताओं तक पहुंचने से पहले पशुओं की जांच के लिए काठमांडू घाटी में 10 स्थान निर्धारित किए हैं।

विभाग के पशु चिकित्सक हरि सिंह भट ने कहा कि निर्धारित प्रवेश बिंदुओं से घाटी में केवल उन्हीं पशुओं को आने की अनुमति दी जा रही है, जो स्वास्थ्य जांच में खरे उतरते हैं।

भट ने बताया कि स्वस्थ पशुओं के सींगों पर हरे रंग का निशान लगाया जा रहा है, जबकि अस्वस्थ पाए जाने वाले पशुओं के सींगों पर लाल निशान लगाया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से केवल हरे निशान वाले पशुओं को खरीदने की अपील की।

वर्ष 2025 में दशैन पर्व के दौरान काठमांडू में करीब 50,000 से 55,000 भेड़ और बकरियां बेची गई थीं।

इस साल पर्व के दौरान खपत के लिए करीब 40,000 बकरियों और भेड़ों को घाटी में लाए जाने का अनुमान है।

भाषा

मनीषा वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments