scorecardresearch
Saturday, 7 November, 2026
होमविदेशकनाडा में कपिल शर्मा के रेस्तरां पर गोलीबारी के मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ आरोप तय

कनाडा में कपिल शर्मा के रेस्तरां पर गोलीबारी के मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ आरोप तय

Text Size:

ओटावा, सात नवंबर (भाषा) कनाडा में पुलिस ने हास्य कलाकार कपिल शर्मा के रेस्तरां पर पिछले साल हुई गोलीबारी के मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आरोप तय किए हैं।

कनाडा के सरे शहर में स्थित शर्मा के रेस्तरां पर 16 अक्टूबर, 2025 को गोलीबारी की गई थी। जुलाई में रेस्तरां खुलने के बाद से यह गोलीबारी की तीसरी घटना थी।

‘रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस’ (आरसीएमपी) ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि संदिग्धों प्रदीप सिंह और सवीर खान को एक नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। दोनों की उम्र 22 वर्ष है।

पुलिस ने बताया कि दोनों संदिग्धों के खिलाफ गोलीबारी की एक अन्य घटना के सिलसिले में भी आरोप तय किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, गोलीबारी की दोनों घटनाएं जबरन वसूली से जुड़ी थीं।

आरसीएमपी ने कहा, ‘‘पुलिस को 16 अक्टूबर, 2025 को 120 स्ट्रीट के 8400 ब्लॉक में स्थित एक कैफे पर गोलीबारी की सूचना मिली थी। उस समय कैफे बंद था लेकिन उसके अंदर दो कर्मचारी मौजूद थे। हालांकि, दोनों में से कोई घायल नहीं हुआ।’’

पुलिस के अनुसार, गोलीबारी की दूसरी घटना 12 अक्टूबर को हुई थी, जब उसे सरे में एक मकान पर गोलियां चलाए जाने की सूचना मिली थी। इस घटना में एक महिला घायल हो गई थी।

दोनों संदिग्धों के खिलाफ 12 अक्टूबर और 16 अक्टूबर की घटनाओं के सिलसिले में लापरवाही से गोली चलाने के एक-एक आरोप तय किए गए हैं।

आरसीएमपी ने कहा, ‘‘दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध सामने आने के बाद ब्रिटिश कोलंबिया जबरन वसूली रोधी कार्यबल ने दोनों मामलों की जांच अपने हाथ में ले ली थी।’’

आरसीएमपी ने लोअर मेनलैंड जिले के संचालन अधिकारी एवं सहायक जिला कमांडर, मुख्य अधीक्षक डंकन पाउंड के हवाले से कहा, ‘‘ये आरोप पिछले एक साल के दौरान की गई व्यापक जांच का नतीजा हैं। इस दौरान अदालत से कई मंजूरियां हासिल की गईं, तलाशी वारंट प्राप्त किए गए और साक्ष्यों का विस्तृत विश्लेषण किया गया।’’

पाउंड ने कहा, ‘‘ये आरोप जबरन वसूली से जुड़ी हिंसा में शामिल लोगों के लिए एक और स्पष्ट संदेश हैं कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम कर रही हैं।’’

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments