scorecardresearch
Friday, 6 November, 2026
होमरिपोर्टहरियाणा में धनतेरस पर 4,470 करोड़ रुपये जारी, 5.38 लाख कर्मचारियों-पेंशनभोगियों का DA 3% बढ़ा

हरियाणा में धनतेरस पर 4,470 करोड़ रुपये जारी, 5.38 लाख कर्मचारियों-पेंशनभोगियों का DA 3% बढ़ा

CM नायब सिंह सैनी ने लाडो लक्ष्मी योजना की 13वीं किस्त समेत कई कल्याणकारी योजनाओं की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी. DA-DR 60% से बढ़कर 63% हुआ.

Text Size:

नई दिल्ली: हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 4,470.77 करोड़ रुपये की राशि लाभार्थियों, पंचायतों और नगरपालिकाओं के बैंक खातों में हस्तांतरित की. इस दौरान उन्होंने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी की भी घोषणा की.

मुख्यमंत्री ने बताया कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 13वीं किस्त के तहत 10.59 लाख महिलाओं को 222.52 करोड़ रुपये दिए गए. सामाजिक सुरक्षा पेंशन की 15 योजनाओं के तहत 35.26 लाख लाभार्थियों को 1,135.21 करोड़ रुपये मिले.

हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 6.05 लाख महिलाओं को 24.25 करोड़ रुपये की गैस सब्सिडी जारी की गई. वहीं, ग्रामीण विकास के लिए पंचायतों को 1,158 करोड़ और नगरपालिकाओं को 1,727.80 करोड़ रुपये दिए गए. दयालु योजना के तहत 5,429 परिवारों को 202.99 करोड़ रुपये की सहायता मिली.

DA-DR में बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से लागू होगी. इससे करीब 2.78 लाख नियमित कर्मचारियों और 2.60 लाख पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा. अब DA-DR की दर 60 से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गई है. इस पर राज्य सरकार को सालाना 545 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च उठाना होगा.

share & View comments