scorecardresearch
Wednesday, 14 October, 2026
होमविदेशअमेरिका में मुहम्मद यूनुस से बदसलूकी को लेकर बांग्लादेश ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी

अमेरिका में मुहम्मद यूनुस से बदसलूकी को लेकर बांग्लादेश ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी

Text Size:

ढाका, 13 अक्टूबर (भाषा) बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सलाहकार ने मंगलवार को चेतावनी दी कि अंतरिम सरकार के पूर्व प्रमुख मुहम्मद यूनुस के साथ न्यूयॉर्क के जॉन एफ. कैनेडी हवाई अड्डे पर भंग हो चुकी अवामी लीग के कथित समर्थकों द्वारा बदसलूकी किए जाने के संबंध में “कानूनी कार्रवाई” की जाएगी।

जाहिद उर रहमान ने संवाददाताओं को बताया, “इसे बिना चुनौती दिये नहीं छोड़ा जाएगा।” यह बात उन्होंने यूनुस के साथ घटी उस घटना के कुछ घंटों बाद कही, जिसमें उन्हें आक्रामक नारे लगाने वाले लोगों का सामना करना पड़ा था और जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ था।

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री के सूचना और प्रसारण सलाहकार ने कहा कि सरकार इन घटनाओं को “अवामी लीग का आतंक” मानती है और “इस अपराध को करने वालों के खिलाफ निश्चित रूप से कानूनी कार्रवाई की जाएगी”।

जाहिद ने इटली में बदसलूकी का शिकार हुईं अभिनेत्री और कार्यकर्ता अजमेरिया हक बाधोन के मामले का जिक्र करते हुए कहा, “मैं अलग-अलग देशों में रह रहे अवामी लीग के सदस्यों से कहना चाहता हूं कि अगर वे ऐसी हरकतें करते हैं, तो उन्हें बिना किसी विरोध या कार्रवाई के नहीं छोड़ा जाएगा। ऐसा हो ही नहीं सकता।”

प्रदर्शनकारी हवाईअड्डे पर थे और चिल्लाने लगे, “तुम आतंकवादी हो, हत्यारे हो!, तुम यहां क्यों आए हो? और तुमने मेरे देश में हजारों पुलिस अधिकारियों को मारा है।” इस दौरान यूनुस हैरान और चुप खड़े थे।

मीडिया की खबरों के मुताबिक यूनुस अमेरिका की निजी यात्रा पर हैं।

भाषा प्रशांत सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments