scorecardresearch
Monday, 25 May, 2026
होमविदेशट्रंप का सरप्राइज़ कॉल, एआर रहमान का शो, जयशंकर और रुबियो एक साथ—सभी नजरें अब सर्जियो गोर पर

ट्रंप का सरप्राइज़ कॉल, एआर रहमान का शो, जयशंकर और रुबियो एक साथ—सभी नजरें अब सर्जियो गोर पर

अमेरिका की आज़ादी के 250 साल पूरे होने के मौके पर हो रहे इवेंट के दौरान गोर ने डॉनल्ड ट्रंप को फ़ोन किया और फ़ोन माइक्रोफ़ोन के पास रखा ताकि मेहमान US प्रेसिडेंट की बातें सुन सकें.

Text Size:

नई दिल्ली: यह एक सामान्य कूटनीतिक शाम होने वाली थी—औपचारिक भाषण, उसके बाद डिनर और शिष्ट बातचीत. लेकिन रविवार शाम भारत मंडपम में अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह ने ऐसा रूप ले लिया, जैसा हाल के समय में किसी कूटनीतिक कार्यक्रम में नहीं देखा गया.

इस पूरे कार्यक्रम के केंद्र में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर थे. एक ऐसे पल में जिसने सभी को चौंका दिया, गोर ने कार्यक्रम के दौरान सीधे अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को फोन लगाया और फोन को माइक्रोफोन के पास रखा ताकि मेहमान राष्ट्रपति की बात सीधे सुन सकें.

ट्रंप ने कहा, “मैं बस सभी को नमस्ते कहना चाहता हूं. मुझे प्रधानमंत्री मोदी बहुत पसंद हैं. मोदी महान हैं, वह मेरे दोस्त हैं और मैं सभी को बहुत अच्छी शाम की शुभकामनाएं देता हूं.”

“मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं,” ट्रंप ने कहा. “भारत के साथ हमारे संबंध कभी इतने करीब नहीं रहे. भारत मुझ पर और हमारे देश पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है. अगर उन्हें कभी मदद की जरूरत हो, तो उन्हें पता है किसे फोन करना है—वे यहीं फोन करते हैं.”

जब गोर ने उनसे विदेश मंत्री मार्को रुबियो के लिए कोई संदेश पूछा, तो ट्रंप ने उन्हें “अमेरिका के इतिहास का सबसे महान विदेश मंत्री” बताया और अंत में कहा: “प्रधानमंत्री मोदी को नमस्ते कहना और उन्हें बताना कि मैं उनका बहुत बड़ा फैंस हूं.”

इस अचानक हुए फोन कॉल से पहले मेहमानों के लिए संगीतकार ए आर रहमान की प्रस्तुति हुई, जिन्होंने ‘दिल से’ और ‘माँ तुझे सलाम’ जैसे गाने गाए.

इस कार्यक्रम में राजनयिकों, सैन्य अधिकारियों और कॉर्पोरेट अधिकारियों सहित कई क्षेत्रों के मेहमान शामिल हुए. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत और अमेरिका के साझा लोकतांत्रिक मूल्यों पर जोर दिया.

जयशंकर ने कहा कि अमेरिकी स्वतंत्रता घोषणा ने आधुनिक दुनिया को आकार देने वाले विचार दिए, जैसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता, कानून का शासन, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जवाबदेह शासन. उन्होंने कहा कि ये विचार भारत की बहुलवादी और विचार-विमर्श वाली परंपराओं से स्वाभाविक रूप से मेल खाते हैं.

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी स्वतंत्रता आंदोलन के अनुभवों को भारत के संविधान निर्माताओं ने भी ध्यान में रखा था.

रुबियो, जिनका जन्मदिन 28 मई को है, ने भी कार्यक्रम में पहले से ही केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया. शाम का अंत अमेरिकी बैंड विलेज पीपल की प्रस्तुति से हुआ.

दोस्तों के बीच अपनी डीजे कला के लिए जाने जाने वाले रुबियो ने मजाक में कहा कि वह अगले साल प्रस्तुति दे सकते हैं, लेकिन फिलहाल वह सोनी के कॉन्ट्रैक्ट से बंधे हैं और इसलिए “अनधिकृत कार्यक्रमों” में हिस्सा नहीं ले सकते.

यह भी पढ़ें: आतंकवाद से व्यापार तक, रुबियो और जयशंकर ने सुरक्षा, ऊर्जा पर व्यापक भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाया.

सर्जियो गोर का प्रभाव

संयोग से, ट्रंप प्रशासन में जिम्मेदारी संभालने के बाद यह रुबियो की सबसे लंबी विदेश यात्रा है. शनिवार को कोलकाता से अपनी भारत यात्रा शुरू करने वाले रुबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की और जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता की.

वह आगरा और जयपुर की यात्रा करने के बाद क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए फिर दिल्ली लौटेंगे.

सरकारी सूत्रों ने कहा कि जनवरी में गोर के राजदूत बनने के बाद से दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संपर्क में स्पष्ट रूप से तेजी आई है.

ट्रंप के करीबी माने जाने वाले गोर अपने साथ एक अलग तरह की कूटनीति लेकर आए हैं—ऐसी शैली जो वॉशिंगटन और नई दिल्ली दोनों जगह एक साथ पहल को आगे बढ़ाती है.

39 वर्षीय गोर सीधे फोन उठाकर बात करने के लिए जाने जाते हैं, बजाय इसके कि वह सरकारी प्रक्रिया के जरिए जाएँ.

सूत्रों ने कहा कि अब तक गोर का कार्यकाल पारंपरिक कूटनीति से कम और व्यापार, तकनीक, रक्षा और इंडो-पैसिफिक राजनीति में भारत-अमेरिका संबंध मजबूत करने के लिए स्पष्ट रणनीतिक, लेन-देन आधारित और ज्यादा दिखाई देने वाले प्रयासों से ज्यादा जुड़ा रहा है.

वह ऐसे समय में भारत आए जब भारत-अमेरिका संबंधों में टैरिफ और व्यापार को लेकर तनाव था, लेकिन उन्होंने मोदी और ट्रंप के व्यक्तिगत संबंधों को मजबूत करने के लिए तेजी से काम किया और सार्वजनिक रूप से भारत को अमेरिका का “सबसे जरूरी साझेदार” बताया.

उनके छोटे कार्यकाल के दौरान हुई महत्वपूर्ण प्रगति में से एक थी भारत का पैक्स सिलिका पहल में शामिल होना, जो अमेरिका के नेतृत्व वाला एक महत्वपूर्ण सप्लाई चेन ढांचा है. खास बात यह रही कि गोर ने भारत को इस पहल में शामिल होने का निमंत्रण राष्ट्रपति को अपना परिचय पत्र सौंपने से पहले ही घोषित कर दिया था.

आधिकारिक रूप से पद संभालने से दो दिन पहले, गोर ने अमेरिकी दूतावास में स्वागत समारोह के दौरान मीडिया और दूतावास कर्मचारियों को संबोधित किया और कहा कि वह इस सदी के सबसे “महत्वपूर्ण” द्विपक्षीय संबंध को आगे बढ़ाने में मदद करना चाहते हैं.

यह संबोधन असामान्य था क्योंकि आमतौर पर राजदूत बनने वाले लोग अपना परिचय पत्र सौंपने से पहले सार्वजनिक बयान नहीं देते.

गोर काले रंग की बीएमडब्ल्यू कार में लाल और नीली चमकती लाइटों के साथ काफी धूमधाम से दूतावास पहुँचे.

दूतावास कर्मचारियों ने इमारत की सीढ़ियों पर उनका स्वागत किया. उनके हाथ में ‘होल्ड ऑन आई एम कमिन ओवर’ लिखा एक पोस्टर था, जो 1966 का सोल म्यूजिक गीत है. समारोह का अंत गोर के दूतावास कर्मचारियों और मीडिया को संबोधित करने के साथ हुआ.

अमेरिकी दूत ने बार-बार द्विपक्षीय व्यापार समझौते को पूरा करने के प्रयासों पर जोर दिया है और 2030 तक भारत-अमेरिका व्यापार को 500 अरब डॉलर तक पहुँचाने के लक्ष्य का सार्वजनिक समर्थन किया है.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: सीज़फायर ईरान युद्ध का अंत नहीं करेगा, अमेरिका ने बस एक और लंबी लड़ाई का मंच तैयार किया है


 

share & View comments