कोपेनहेगन, चार मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को आइसलैंड की प्रधानमंत्री कैटरीन जैकोब्स्दोतिर से मुलाकात की और व्यापार, ऊर्जा और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में संबंधों को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा की।
तीन यूरोपीय देशों की यात्रा के दूसरे चरण में मंगलवार को बर्लिन से यहां पहुंचे मोदी ने डेनमार्क की राजधानी में दूसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन से इतर जैकोब्स्दोतिर से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आइसलैंड की प्रधानमंत्री कैटरीन जैकोब्स्दोतिर से बातचीत की। उन्होंने व्यापार, ऊर्जा, मत्स्य पालन और अन्य क्षेत्रों में संबंधों को बढ़ाने पर चर्चा की।’’
विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘दोनों नेताओं ने विशेष रूप से भू-तापीय ऊर्जा, समुद्री अर्थव्यवस्था (ब्लू इकोनॉमी), आर्कटिक, नवीकरणीय ऊर्जा, मत्स्य पालन, खाद्य प्रसंस्करण, डिजिटल विश्वविद्यालयों सहित शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्रों में आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।’’
इसमें कहा गया है, ‘‘क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर भी चर्चा हुई।’’
विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए जैकोब्स्दोतिर के व्यक्तिगत प्रयासों की सराहना की और उन्हें इस मुद्दे पर भारत की प्रगति के बारे में जानकारी दी।
मंत्रालय ने कहा कि भारत-यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) व्यापार वार्ता में तेजी लाने पर भी चर्चा हुई।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, ‘‘नवीकरणीय ऊर्जा, मत्स्य पालन, खाद्य प्रसंस्करण में हमारे आर्थिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया गया। आर्कटिक में सहयोग पर भी चर्चा की गई।’’
बाद में, मोदी डेनमार्क, आइसलैंड, फिनलैंड, स्वीडन और नॉर्वे के प्रधानमंत्रियों के साथ दूसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे, जहां वे 2018 में पहले भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के बाद से हुए सहयोग की समीक्षा करेंगे।
मोदी ने आज के अपने कार्यक्रमों के शुरू होने से पहले ट्वीट किया था, ”आज के एजेंडे में भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन और नॉर्डिक नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता शामिल हैं, जिसके बाद मैं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के साथ बातचीत करने के लिए पेरिस रवाना हो जाऊंगा।”
भाषा
देवेंद्र उमा
उमा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.