scorecardresearch
Saturday, 17 October, 2026
होमखेलवेस्टइंडीज को अब कहीं भी जीतने का भरोसा, चंद्रपॉल ने भारत के खिलाफ प्रदर्शन की सराहना की

वेस्टइंडीज को अब कहीं भी जीतने का भरोसा, चंद्रपॉल ने भारत के खिलाफ प्रदर्शन की सराहना की

Text Size:

बेंगलुरु, 17 अक्टूबर (भाषा) वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान शिवनारायण चंद्रपॉल ने कहा कि भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज में कैरेबियाई टीम का शानदार प्रदर्शन खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रदर्शन का सकारात्मक असर टेस्ट क्रिकेट में भी देखने को मिलेगा।

शाई होप की अगुवाई में वेस्टइंडीज ने भारत को वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में कड़ी चुनौती दी। इस प्रदर्शन ने उस देश की प्रतिभा की याद दिला दी जिसने कभी विश्व क्रिकेट पर अपना दबदबा कायम किया था।

‘क्रिकेटया’ द्वारा के आयोजित बातचीत के दौरान चंद्रपॉल ने पीटीआई से कहा, ‘‘निश्चित रूप से, अब उन्हें विश्वास है कि वे यहां या दुनिया में कहीं भी मैच जीत सकते हैं और उन्होंने ऐसा करके दिखाया है। जब खिलाड़ियों को सफलता मिलती है और उन्हें अहसास होता है कि वे ऐसा कर सकते हैं तो वे निश्चित रूप से मैच जीतने के लिए खुद पर भरोसा करेंगे। ’’

चंद्रपॉल ने कहा कि वेस्टइंडीज के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती सीमित ओवरों के क्रिकेट में मिली सफलता को टेस्ट प्रारूप में भी जारी रखने की होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘टेस्ट टीम को कड़ी मेहनत करनी होगी। टीम ने हाल के समय में ज्यादा जीत हासिल नहीं की हैं। हालांकि कैरेबियाई धरती पर पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ उसने हाल में कुछ मैच जीते हैं। इसलिए उसे यहां-वहां कुछ जीत जरूर मिली हैं, लेकिन ये जीत उतनी नहीं हैं, जितनी आप चाहते हैं। ’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments