scorecardresearch
Friday, 16 October, 2026
होमखेलवसीम जाफर ने मुख्य चयनकर्ता के पद के लिए किया आवेदन

वसीम जाफर ने मुख्य चयनकर्ता के पद के लिए किया आवेदन

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने राष्ट्रीय टीम के खाली पड़े मुख्य चयनकर्ता के पद के लिए आवेदन किया है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अजीत अगरकर का कार्यकाल नहीं बढ़ाने का फैसला किया था, जिसके बाद यह पद खाली हुआ है।

जाफर ने पीटीआई से इसकी पुष्टि करते हुए कहा, ‘‘हां, मैंने इस पद के लिए आवेदन किया है। ’’

जाफर (48 वर्ष) ने भारत के लिए 31 टेस्ट मैच खेले और करीब 2,000 रन बनाए, जिसमें पांच शतक शामिल हैं। उनके टेस्ट शतकों में वेस्टइंडीज के खिलाफ दोहरा शतक और दक्षिण अफ्रीका में बनाया गया शतक शामिल है। उन्होंने कोलकाता में पाकिस्तान के खिलाफ भी दोहरा शतक जड़ा था।

अगर अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे की सदस्यता वाली क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) जाफर का चयन करती है, तो अध्यक्ष पद के लिए विचार किए जा रहे उम्मीदवारों में उनके नाम सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने का रिकॉर्ड होगा।

जाफर ने 31 टेस्ट खेले हैं जो भारत के लिए 24 टेस्ट खेलने वाले प्रज्ञान ओझा से अधिक हैं। मौजूदा चयन प्रक्रिया के तहत सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले क्षेत्र के प्रतिनिधि को चयन समिति का अध्यक्ष बनने का पात्र माना जाता है।

हालांकि, माना जा रहा है कि बीसीसीआई के भीतर प्रज्ञान ओझा को अध्यक्ष पद पर बनाए रखने के लिए मजबूत समर्थन है। इससे नयी चयन समिति के गठन पर असर पड़ सकता है।

ऐसी स्थिति में भारत के पूर्व स्पिनर रमेश पोवार भी चयन समिति में जगह पाने की दौड़ में शामिल हो सकते हैं। वह पश्चिम क्षेत्र से प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। पोवार ने भारत के लिए दो टेस्ट मैच खेले हैं।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments