नागोया, 21 अक्टूबर (भाषा) भारत के सुखचैन ने बुधवार को यहां एशियाई पैरा खेलों की पुरुष भाला फेंक एफ55 स्पर्धा में 29.94 मीटर के प्रयास से कांस्य पदक जीता।
इस स्पर्धा में चीन के झोउ फेइफेइ का दबदबा रहा जिन्होंने 37.63 मीटर के रिकॉर्ड प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता। फेइफेइ ने 35.30 मीटर का पिछला विश्व रिकॉर्ड तोड़ा।
ईरान के जाकिर जफर ने 36.00 मीटर के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीता।
बत्तीस साल के सुखचैन शीर्ष दो प्रतिभागियों से काफी पीछे रहे।
सुखचैन ने दिल्ली में विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में 31.18 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता था। हालांकि उनका यह प्रदर्शन भी बुधवार को शीर्ष दो खिलाड़ियों के दर्ज किए गए थ्रो से काफी कम था।
एफ55 वर्ग उन खिलाड़ियों के लिए है जो मांसपेशियों की ताकत, अंगों की गति या पैरों की कार्यक्षमता को प्रभावित करने वाली दिव्यांगता के कारण बैठकर थ्रो स्पर्धाओं में हिस्सा लेते हैं। इन खिलाड़ियों को बैठकर थ्रो करना होता है।
भाषा सुधीर मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.