scorecardresearch
Wednesday, 21 October, 2026
होमरिपोर्टउत्तराखंड पुलिस में 1,600 पदों पर जल्द होगी भर्ती, थानों का बजट दोगुना करेंगे सीएम धामी

उत्तराखंड पुलिस में 1,600 पदों पर जल्द होगी भर्ती, थानों का बजट दोगुना करेंगे सीएम धामी

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री ने कीं आठ घोषणाएं

Text Size:

नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस पर पुलिसकर्मियों के कल्याण और पुलिस व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. उन्होंने पुलिस की विभिन्न इकाइयों में करीब 1,600 रिक्त पदों पर भर्ती जल्द शुरू करने और थानों के वार्षिक बजट को 4 करोड़ से बढ़ाकर 8 करोड़ रुपये करने की घोषणा की.

पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों को सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में देशभर में 154 जवानों ने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया.

मुख्यमंत्री ने विवेचकों को आधुनिक जांच किट उपलब्ध कराने, पुलिस मॉडर्न स्कूलों के सुधार, देहरादून में ट्रांजिट हॉस्टल और मल्टी स्टोरी बैरक के निर्माण तथा पुलिस अस्पताल के उच्चीकरण की भी घोषणा की. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है.

धामी ने नशे और साइबर अपराध को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि ड्रग फ्री उत्तराखंड के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है. करीब 32 करोड़ रुपये की लागत से स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर बनाया जा रहा है. उन्होंने चारधाम और कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में पुलिस की भूमिका की सराहना की.

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के अनुसार, राज्य गठन के बाद से उत्तराखंड पुलिस के 206 जवान कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए हैं. इस वर्ष 785 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति दी गई है. सरकार पुलिसकर्मियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा और उनके बच्चों को छात्रवृत्ति भी उपलब्ध करा रही है.

share & View comments