नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बालिका शिक्षा को आधुनिक शिक्षण संसाधनों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं. इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) की छात्राओं को खान एकेडमी के माध्यम से गणित और विज्ञान में डिजिटल अभ्यास का अवसर मिल रहा है.
खान एकेडमी की 1 से 15 अक्टूबर की प्रदर्शन रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के 96 प्रतिशत केजीबीवी इस मंच पर पंजीकृत हैं. कुल 80,078 छात्राओं ने पंजीकरण कराया है, जबकि 66,996 के अकाउंट सक्रिय हो चुके हैं. वहीं, 30,503 छात्राओं ने निर्धारित मासिक लक्ष्य का कम से कम 50 प्रतिशत हासिल किया है.
जनपदवार प्रदर्शन में सहारनपुर 92 प्रतिशत, गाजियाबाद 89 प्रतिशत और खीरी 81 प्रतिशत उपलब्धि के साथ आगे रहे. कार्यक्रम के तहत प्रत्येक छात्रा को गणित और विज्ञान में कम से कम चार-चार कौशलों में प्रोफिशिएंट या मास्टर्ड स्तर हासिल करने का लक्ष्य दिया गया है.
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि खान एकेडमी के जरिए छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की पहल बालिका सशक्तीकरण को नई दिशा देगी. वहीं, महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि विद्यालयों में डिजिटल मंच का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित कर अधिक छात्राओं को शिक्षण लक्ष्यों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.