scorecardresearch
Wednesday, 21 October, 2026
होमरिपोर्टमध्य प्रदेश में 400 नए सांदीपनि विद्यालय भवन बनेंगे, 954 लोगों को मिली अनुकंपा नियुक्ति

मध्य प्रदेश में 400 नए सांदीपनि विद्यालय भवन बनेंगे, 954 लोगों को मिली अनुकंपा नियुक्ति

सीएम मोहन यादव ने की घोषणा, स्कूल शिक्षा विभाग में 20 हजार पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती

Text Size:

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को 400 नए सांदीपनि विद्यालय भवनों के निर्माण की घोषणा की. इनमें जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत 200 और स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत 200 भवन बनाए जाएंगे. भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 954 पात्र लोगों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र भी वितरित किए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक संबल देना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग में 661 सहायक ग्रेड-3, 31 प्राथमिक शिक्षक और 262 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को नियुक्ति दी गई है. उन्होंने कहा कि साल के अंत तक अनुकंपा नियुक्ति के शेष 350 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी.

यादव ने कहा कि प्रदेश में स्कूल शिक्षा का बजट बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. विद्यालयों में आधुनिक लैब, खेल सुविधाओं और बेहतर अधोसंरचना का विकास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 85 हजार से अधिक सरकारी पदों पर भर्ती की गई है और स्कूल शिक्षा विभाग में 20 हजार पदों पर नई भर्ती शुरू होने वाली है.

स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार शिक्षकों की समस्याओं के समाधान, पदोन्नति और नई भर्तियों को प्राथमिकता दे रही है. उन्होंने अनुकंपा नियुक्तियों को दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बताया.

share & View comments