scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमखेलसारांश जैन के सात विकेट से मध्य प्रदेश मजबूत स्थिति में, बिहार 99 रन पर ढेर

सारांश जैन के सात विकेट से मध्य प्रदेश मजबूत स्थिति में, बिहार 99 रन पर ढेर

Text Size:

इंदौर, 26 अक्टूबर (भाषा) भारतीय ऑफ स्पिनर सारांश जैन ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सात विकेट झटके जिससे मध्य प्रदेश ने सोमवार को यहां रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मुकाबले के पहले दिन बिहार को पहली पारी में महज 99 रन पर समेट दिया।

तैंतीस वर्षीय सारांश को इस साल की शुरुआत में श्रीलंका दौरे के लिए पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली थी, उन्होंने 13 ओवर में एक मेडन के साथ 40 रन देकर सात विकेट हासिल किए। उनकी शानदार गेंदबाजी के सामने बिहार की टीम 30.3 ओवर में ही सिमट गई।

सारांश ने बिहार की बल्लेबाजी की कमर तोड़ते हुए आयुष लोहारुका, कप्तान सकिबुल गनी और आकाश राज को आउट किया। इसके बाद उन्होंने रघुवेंद्र प्रताप सिंह, आदित्य राज, सूरज कश्यप और हिमांशु सिंह के विकेट भी झटके।

मध्य प्रदेश की ओर से आवेश खान ने 13 रन देकर दो विकेट लिए जबकि कुमार कार्तिकेय को एक सफलता मिली।

बिहार के लिए मंगल महरौर ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। उनके अलावा नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सूरज कश्यप (15) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके।

फिर मध्य प्रदेश ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 261 रन बना लिए जिससे उसने पहली पारी के आधार पर 162 रन की बढ़त हासिल कर ली।

सक्षम पुरोहित नाबाद 113 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि उनके सलामी जोड़ीदार यश दुबे ने 84 रन की पारी खेली। पुरोहित ने अपनी पारी में आठ चौके लगाए तो वहीं दुबे ने 94 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके जड़े।

अमोद यादव ने 25 रन देकर मध्य प्रदेश के दो विकेट हासिल किए।

दिन का खेल समाप्त होने तक कप्तान रजत पाटीदार 21 रन बनाकर पुरोहित का साथ दे रहे थे।

नागपुर में खेले जा रहे एक अन्य मुकाबले में नचिकेत भूटे (40 रन देकर चार विकेट) ने चार विकेट लेकर गोवा को स्टंप तक आठ विकेट पर 204 रन ही बनाने दिए।

भूटे ने 18 ओवर में सुयश प्रभुदेसाई (01), स्नेहल कौठंकर (00), अभिनव तेजराना (30) और ललित यादव (22) को आउट कर गोवा की पारी को झटके दिए।

हालांकि यश कसवणकर (नाबाद 51) और दर्शन मिसाल (51) ने अहम अर्धशतक लगाकर गोवा को 200 रन के पार पहुंचाया। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी की।

भूटे के अलावा रजनीश गुरबानी ने 28 रन देकर दो विकेट लिए जबकि पार्थ रेखड़े और हर्ष दुबे को एक-एक सफलता मिली।

वहीं वडोदरा में खेले जा रहे ग्रुप के एक अन्य मुकाबले में प्रियांशु मोलिया के शतक की मदद से बड़ौदा ने गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर के खिलाफ छह विकेट पर 259 रन बना लिए।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली बड़ौदा के लिए प्रियांशु 113 रन (11 चौके और एक छक्का) बनाकर खेल रहे हैं। दीपक हुड्डा ने 45 रन बनाए और वह प्रियांशु के अलावा टीम के लिए योगदान करने वाले एकमात्र अन्य बल्लेबाज रहे।

जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया और पांच गेंदबाजों ने विकेट हासिल किए। उमर नजीर मीर सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 28 रन देकर दो विकेट लिए।

वहीं पुडुचेरी में खराब मौसम के कारण केवल 37 ओवर का ही खेल हो सका जिसमें उत्तर प्रदेश ने पुडुचेरी के खिलाफ चार विकेट गंवाकर 67 रन बनाए थे।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments