scorecardresearch
Wednesday, 21 October, 2026
होमखेलन्यूजीलैंड क्रिकेट के मेजर लीग क्रिकेट टीम की योजना टालने के फैसले का सेंटनर ने किया समर्थन

न्यूजीलैंड क्रिकेट के मेजर लीग क्रिकेट टीम की योजना टालने के फैसले का सेंटनर ने किया समर्थन

Text Size:

क्राइस्टचर्च, 21 अक्टूबर (भाषा) न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) के 2027 सत्र में टीम नहीं उतारने के न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) के फैसले का बुधवार को समर्थन किया।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बुधवार को घोषणा की कि वह अमेरिकी लीग में टोरंटो या अटलांटा में से किसी एक शहर में टीम बनाने की अपनी योजना को आगे नहीं बढ़ाएगा।

एमएलसी में अभी छह टीम हैं जो लॉस एंजिलिस, न्यूयॉर्क, सेन फ्रांसिस्को, सिएटल, टेक्सास और वाशिंगटन डीसी में हैं। लीग का लक्ष्य टीम की संख्या बढ़ाकर 10 करना है।

एनजेडसी ने एमएलसी में टीम उतारने की योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए ट्रू नॉर्थ स्पोर्ट्स वेंचर्स के साथ साझेदारी की थी। हालांकि 2025 में घोषित इस समझौते को अब समाप्त कर दिया गया है।

सेंटनर ने घरेलू टी20 लीग शुरू करने की एनजेडसी की योजना का जिक्र करते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘आप हर चीज नहीं कर सकते और दोनों में काफी निवेश करना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘घरेलू मैदान पर होने वाली प्रतियोगिता को बढ़ावा देने की कोशिश करना अच्छी बात है। अगर वे इसे शुरू करने में सफल रहते हैं तो हम भी यही चाहते हैं।’’

एनजेडसी ने इससे पहले पुरुष और महिला टी20 प्रतियोगिता ‘एनजेड20’ को शुरू करने की योजना जनवरी 2027 से दिसंबर 2027 तक टाल दी थी।

भाषा

सुधीर मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments