scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमखेलप्रीति, अरुंधति एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बाद टॉप्स कोर ग्रुप में शामिल

प्रीति, अरुंधति एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बाद टॉप्स कोर ग्रुप में शामिल

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) चार भारतीय मुक्केबाजों प्रीति पवार, प्रिया, अरुंधति चौधरी और सचिन को 2026 एशियाई मुक्केबाजी एलीट चैंपियनशिप में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) के कोर ग्रुप में जगह दी गई है जबकि तीन अन्य को डेवलपमेंट समूह में शामिल किया गया है।

यह फैसला बुधवार को हुई मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) की 172वीं बैठक में लिया गया।

प्रीति (54 किग्रा), प्रिया (60 किग्रा) और अरुंधति (70 किग्रा) ने इस महीने की शुरुआत में मंगोलिया के उलानबटोर में हुई महाद्वीपीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था जबकि सचिन (60 किग्रा) ने रजत पदक हासिल किया था।

टॉप्स योजना के अंतर्गत खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा करने वाले मिशन ओलंपिक सेल ने हाल के नतीजों, विश्व रैंकिंग और प्रदर्शन में हुई प्रगति के विस्तृत मूल्यांकन के आधार पर यह फैसला किया।

प्रीति इस साल ग्लास्गो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों और जापान में होने होने वाले एशियाई खेलों दोनों में हिस्सा लेंगी। प्रीति के साथ जैस्मीन (57 किग्रा), प्रिया (60 किग्रा), अरुंधति (70 किग्रा) और सचिन (60 किग्रा) भी होंगे।

प्रीति, प्रिया और सचिन एशियाई खेलों में भी हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) की चयन नीति के अनुसार इन मुक्केबाजों ने सीधे क्वालीफिकेशन के आधार पर राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में जगह बनाई है।

राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए मुक्केबाजी पदक दिलाने वाले मुख्य खेलों में से एक है क्योंकि इस बार निशानेबाजी, बैडमिंटन, कुश्ती, हॉकी जैसे खेल शामिल नहीं हैं जिनमें भारत अधिक पदक जीत सकता था।

एमओसी ने इसके अलावा एशियाई चैंपियनशिप में प्रदर्शन के आधार पर आदित्य (65 किग्रा), दीपक (70 किग्रा) और हर्ष (90 किग्रा) को टॉप्स डेवलपमेंट ग्रुप में शामिल किया।

नरेंद्र (90 किग्रा से अधिक) को टारगेट एशियाई खेल समूह (टीएजीजी) में शामिल किया गया है।

उलानबटोर में हर्ष और नरेंद्र ने कांस्य पदक जीते थे जबकि आदित्य और दीपक क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे।

मंगोलिया के उलानबटोर में हुई 2026 एशियाई चैंपियनशिप में भारत ने कुल 16 पदक जीते थे जिसमें पांच स्वर्ण, तीन रजत और आठ कांस्य पदक शामिल हैं।

कोर वर्ग के लिए टॉप्स डेवलपमेंट ग्रुप एक फीडर प्रणाली का काम करता है।

इन नए खिलाड़ियों के शामिल होने के बाद टॉप्स कोर ग्रुप में अब सात मुक्केबाज, डेवलपमेंट ग्रुप में 25 मुक्केबाज और टीएजीजी योजना में एक मुक्केबाज शामिल है।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments