नई दिल्ली: मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर प्रदेशवासियों के नाम संदेश जारी किया और विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महिलाओं को सशक्त बनाने का सपना कुछ दलों के विरोध के कारण बाधित हुआ.
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय ऐतिहासिक है, जो देश की आधी आबादी को सम्मान और अवसर देने का प्रयास है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सहित कुछ विपक्षी दलों ने राजनीतिक स्वार्थ में इस पहल का विरोध किया.
डॉ. यादव ने कहा कि भारत में महिलाओं को सदैव सम्मान मिला है और राष्ट्र निर्माण में उनकी अहम भूमिका रही है. उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के बिना विकसित भारत का सपना अधूरा है.
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि महिलाओं के हितों का विरोध करने वाले दलों को जनता जवाब देगी. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर चर्चा और निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा.