कराची, 21 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अगले साल जनवरी में भारत में होने वाले इंटरनेशनल मास्टर्स क्रिकेट विश्व कप में खेलने के लिये अपनी 50 प्लस उम्र की टीम को अनुमति देने से इनकार कर दिया है ।
पाकिस्तान ने श्रीलंका में पिछले साल हुआ टूर्नामेंट जीता था लेकिन इस बार बोर्ड ने पाकिस्तान वेटरंस क्रिकेट संघ को बता दिया है कि उन्हें भारत में खेलने की अनुमति नहीं है ।
पीवीसीए के प्रमुख फवाद एजाज ने कहा ,‘‘ हमने आयोजकों को बता दिया है कि हम टूर्नामेंट से नाम वापिस ले रहे हैं । वे विकल्प की व्यवस्था कर सकते हैं ।’
उन्होंने कहा कि आयोजकों और मेजबान देश ने उन्हें टीम वीजा और उच्च स्तरीय सुरक्षा मुहैया कराने का आश्वासन दिया था जिसके बाद पीसीबी और विदेश तथा गृह मंत्रालय से अनुमति मांगी गई ।
फवाद ने कहा कि पाकिस्तान के गृह मंत्री और पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी ने उन्हें बताया कि भारत में खेलने की अनुमति नहीं दी जा रही है ।
पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने भी हाल ही में एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के लिये भारत टीम भेजने से इनकार कर दिया था जिसके बाद बांग्लादेश को शामिल किया गया ।
भाषा मोना सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.