scorecardresearch
Sunday, 11 October, 2026
होमखेलभारत के साथ खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने पर वनडे में विशेष जर्सी पहनेगा न्यूजीलैंड

भारत के साथ खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने पर वनडे में विशेष जर्सी पहनेगा न्यूजीलैंड

Text Size:

वेलिंगटन, 11 अक्टूबर (भाषा) न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम अगले महीने भारत के खिलाफ होने वाली वनडे श्रृंखला के दौरान कमल के फूलों और मंडला कलाकृति वाली विशेष जर्सी पहनेगी, जो दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने का प्रतीक है।

इस जर्सी को ‘कोताहितांगा’ नाम दिया गया है जो दोनों देशों के के क्रिकेट प्रेम और संस्कृतियों का प्रतिनिधित्व करती है। इसका डिज़ाइन न्यूजीलैंड और भारत के साझा इतिहास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बताया कि इस जर्सी को तैयार करने में कलाकार बेन थॉमसन, शिव नारंदास और जय पंचा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

नारंदास और पंचा ने तीन भारतीय प्रतीकों का एकीकृत तत्वों के रूप में इस्तेमाल किया है। इनमें भारत का राष्ट्रीय पुष्प कमल, भारतीय वास्तुकला से जुड़ा ओगी पैटर्न और मंडला कलाकृति शामिल है। मंडला कलाकृति माओरी डिजाइन प्रणालियों से मेल खाती है।

थॉमसन ने पारंपरिक माओरी अमूर्त चित्रित स्क्रॉल डिज़ाइन और प्रतीकों (कोवाईवाई) को हेहे रेखाओं की पृष्ठभूमि पर बुना है, ताकि जीवित लोगों को दिवंगत लोगों से जोड़ा जा सके, राष्ट्रों के बीच संबंध बनाने वाले लोगों को सम्मान दिया जा सके तथा खिलाड़ियों, प्रशंसकों और पृष्ठभूमि में काम करने वाले लोगों के महत्व को दिखाया जा सके।

भारत का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर को पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के साथ शुरू होगा, जिसके बाद चार नवंबर से पांच वनडे मैचों की श्रृंखला खेली जाएगी। वनडे श्रृंखला के बाद दो टेस्ट मैच की श्रृंखला होगी।

भाषा

पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments