scorecardresearch
Wednesday, 30 September, 2026
होमखेलएसीटी टूर को लेकर नया विवाद, हॉकी इंडिया ने कहा फंड नहीं दिया, तमिलनाडु के खाते कुछ और कह रहे है

एसीटी टूर को लेकर नया विवाद, हॉकी इंडिया ने कहा फंड नहीं दिया, तमिलनाडु के खाते कुछ और कह रहे है

Text Size:

(मोहित सैनी)

नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु में एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी 2023 से पहले एक ट्रॉफी टूर को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है और यह मामला अलग अलग वित्तीय रिकॉर्ड का है जिसमें हॉकी इंडिया ने इस बात से इनकार किया है कि उसने इस आयोजन के लिये धन दिया है जबकि तमिलनाडु हॉकी के आडिट किये गए खातों में राष्ट्रीय महासंघ से मिली रकम का जिक्र है ।

यह विवाद तब सामने आया जब एन संथानाराज ने आरटीआई याचिका दायर करके ‘पास द बॉल ट्रॉफी टूर’ पर आवंटित और खर्च की गई रकम का ब्यौरा, खर्च की रिपोर्ट, उसके सत्यापन और मंजूरी के रिकॉर्ड ,संबंधित बिल, इनवॉइस और वाउचर की जानकारी मांगी।

संथानाराज ने केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) को बताया कि जो रिकॉर्ड मांगे गए थे ( मंज़ूरी/आवंटन रिकॉर्ड, भुगतान रिकॉर्ड, खर्च का ब्योरा, सत्यापन और मंजूरी के रिकॉर्ड, बिल, इनवॉइस और वाउचर ) वे उपलब्ध नहीं कराए गए।

हॉकी इंडिया ने आयोग के सामने कहा कि उसने चेन्नई में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के सिलसिले में आयोजित ‘पास द बॉल’ कार्यक्रम के लिए तमिलनाडु की हॉकी ईकाई को कोई भी रकम मंजूरी, आवंटित या भुगतान नहीं की ।

उसने कहा,‘‘चूंकि हॉकी इंडिया ने तमिलनाडु की हॉकी ईकाई को कोई फंड आवंटित या जारी नहीं किया है, इसलिए मांगी गई जानकारी हॉकी इंडिया के पास उपलब्ध नहीं है और इसे उपलब्ध नहीं कराया जा सकता है।’’

आवेदक ने आयोग के सामने तमिलनाडु हॉकी संघ के 2023-24 के आडिट किये गए वित्तीय दस्तावेज पेश किए जिनमें दौरे से संबंधित खास प्रविष्टियां थी ।

खाते में हॉकी इंडिया से 54,36,332 रुपये मिलने और ट्रॉफी टूर पर उतनी ही रकम खर्च होने का रिकॉर्ड था।

सूचना आयुक्त पी आर रमेश ने कहा कि वित्तीय दस्तावेज अपने आप में लेन देन की प्रकृति, मकसद या उससे जुड़े दस्तावेजों को पक्के तौर पर साबित नहीं करता है लेकिन फिर भी यह प्रविष्टि काफी खास है और आरटीआई आवेदन में मांगी गई जानकारी से सीधे तौर पर जुड़ी है, इसलिए हॉकी इंडिया को इसकी खास तौर पर जांच करनी चाहिए।

आयोग ने माना कि कोई फंड जारी नहीं किया गया जैसा सामान्य बयान इस चरण पर पूरा जवाब नहीं माना जा सकता।

इसने हॉकी इंडिया को अपने वित्तीय , भुगतान, मंजूरी और आयोजन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच करने और अपने बयान और तमिलनाडु हॉकी संघ के वित्तीय दस्तावेजों में दिख रही प्रविष्टियों के बीच साफ अंतर पर खास तौर पर जवाब देने का निर्देश दिया।

चेन्नई में 2023 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी से पहले 22 से 31 जुलाई तक ‘पास द बॉल ट्रॉफी टूर’ आयोजित किया गया था।

इसे तमिलनाडु हॉकी संघ के साथ मिलकर तमिलनाडु भारतीय खेल प्राधिकरण ने आयोजित किया था। टूर्नामेंट तीन से 12 अगस्त तक चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम पर खेला गया था ।

भाषा पारुल मोना नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments