नयी दिल्ली, चार अक्टूबर (भाषा) पिछले साल चोट के कारण फेनेस्टा ओपन राष्ट्रीय टेनिस चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं ले सकीं दो बार की पूर्व चैंपियन वैदेही चौधरी इस बार वापसी के साथ खिताब फिर से अपने नाम करने के इरादे से उतरेंगी।
दिल्ली लॉन टेनिस संघ (डीएलटीए) में सोमवार से मुख्य ड्रॉ के मुकाबले शुरू होंगे। महिला वर्ग में वैदेही के अलावा श्रुति अहलावत, सोनल पाटिल और आकांक्षा नित्तूरे प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं।
शुरुआती दौर के मुकाबले से पहले वैदेही ने कहा, “मैं एक समय में सिर्फ एक मैच पर ध्यान दूंगी। मैंने 2022 और 2024 में खिताब जीता था, लेकिन पिछले साल चोट के कारण नहीं खेल सकी। यहां दोबारा लौटकर मैं खुश हूं और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगी। जाहिर है, मेरी नजरें खिताब जीतने पर हैं और इसके लिए मैं पूरी कोशिश करूंगी।”
पुरुष वर्ग में गत चैंपियन मनीष सुरेशकुमार खिताब बचाने उतरेंगे। उनके अलावा नितिन कुमार सिन्हा, आदित्य बालसेकर और उदित कंबोज भी मुख्य ड्रॉ में चुनौती पेश करेंगे।
इस सप्ताह पुरुष और महिला स्पर्धाओं के साथ अंडर-18 वर्ग के लड़के और लड़कियों के मुकाबले भी खेले जाएंगे। बालक वर्ग में दिल्ली के प्रणील शर्मा, कर्नाटक के प्रकाश सारण, गुजरात के ओम पटेल और हरियाणा के हर्ष मलिक पर निगाहें रहेंगी।
बालिका वर्ग में तमिलनाडु की सविता भुवनेश्वरन, महाराष्ट्र की पार्थसारथी मुंडे और स्वनिका रॉय तथा कर्नाटक की श्रीनिति चौधरी प्रमुख खिलाड़ियों के रूप में अपनी चुनौती पेश करेंगी।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.