scorecardresearch
Sunday, 4 October, 2026
होमरिपोर्टभदोही का कालीन दुनिया के बाजार में बना रहा पहचान: सीएम योगी

भदोही का कालीन दुनिया के बाजार में बना रहा पहचान: सीएम योगी

इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ, बोले- बेहतर कानून-व्यवस्था और कनेक्टिविटी से बढ़ा कारोबार

Text Size:

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश कभी असीम संभावनाओं वाला प्रदेश था, लेकिन पिछली सरकारों की नीतियों ने इसे बीमारू बना दिया था. अब कानून-व्यवस्था, बेहतर कनेक्टिविटी और सरकारी योजनाओं के जरिए प्रदेश के कारीगरों और कारोबारियों को नया मंच मिल रहा है.

मुख्यमंत्री ने रविवार को संत रविदास नगर स्थित कारपेट एक्सपो मार्ट में 4 से 7 अक्टूबर तक आयोजित इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ किया. एक्सपो में करीब 250 एग्जीबिटर्स और 65 देशों के 450 से अधिक विदेशी खरीदार हिस्सा ले रहे हैं.

योगी ने कहा कि ओडीओपी योजना के तहत भदोही के कालीन को तकनीक, डिजाइन और बाजार से जोड़ा गया है. संत रविदास नगर और सिल्क क्लस्टर से करीब 6,100 करोड़ रुपये का निर्यात हो रहा है. जिले में 2,500 एमएसएमई इकाइयां हैं और कालीन उद्योग से पांच लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है.

उन्होंने कहा कि भदोही में बने करीब 90 प्रतिशत कालीन अमेरिका, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और ब्रिटेन समेत विभिन्न देशों में निर्यात होते हैं. भदोही के हस्तनिर्मित कालीन को जीआई टैग भी मिला है.

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बेहतर कानून-व्यवस्था से निवेश का माहौल मजबूत हुआ है. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कनेक्टिविटी परियोजनाओं से भदोही के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचने में और आसानी होगी.

share & View comments