बीजिंग, सात अक्टूबर (भाषा) मानुष शाह और दीया चितले बुधवार को यहां डब्ल्यूटीटी चीन स्मैश के क्वार्टर फाइनल में रोमानिया के एडवर्ट इयोनेस्कु और बर्नाडेट जोक्स को 3-0 से हराकर इतिहास रचते हुए डब्ल्यूटीटी ग्रैंड स्मैश के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी बन गए।
पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में रोमानियाई जोड़ी को 11-9, 13-11, 11-3 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।
इस जीत के साथ भारतीय जोड़ी ने शानदार वापसी करते हुए पिछले साल रोमानियाई जोड़ी के हाथों सीधे गेम में मिली हार का बदला भी चुकता किया।
हालांकि भारत के मानव ठक्कर पुरुष एकल के अंतिम 32 दौर में फ्रांस के सातवीं वरीयता प्राप्त एलेक्सिस लेब्रून से 0-3 से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
महिला युगल में दीया और यशस्विनी घोरपड़े की जोड़ी को भी अंतिम 16 के मुकाबले में चीन की गाओ युशिन और शियांग जुनलिन के खिलाफ 2-3 से करीबी हार का सामना करना पड़ा।
भाषा सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.