देहरादून: उत्तराखंड में मतदाता सूची में नाम जोड़ने और छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान के लिए 8 से 20 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा. मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को इसकी जानकारी दी.
8 से 10 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी 12,543 मतदान केंद्रों पर BLO विशेष कैंप लगाएंगे. इस दौरान प्री-SIR और SIR से पहले की मतदाता सूची का मिलान कर उन लोगों की पहचान की जाएगी, जिनका नाम पुरानी सूची में था लेकिन मौजूदा सूची में नहीं है.
12 से 20 अक्टूबर तक BLO घर-घर जाकर चिन्हित मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म 6 भरवाएंगे. 1 अक्टूबर 2026 तक 18 साल की उम्र पूरी कर चुके पात्र युवाओं के भी फॉर्म 6 भरवाए जाएंगे.
इस अभियान में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) और बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्य भी शामिल रहेंगे. BLO तैयार की गई सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स के साथ साझा करेंगे, ताकि छूटे हुए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल कराने का मौका मिल सके.