भोपाल/सागर: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सागर के नौरादेही वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो चीते छोड़े. इस दौरान उन्होंने कहा कि चीतों की बसाहट के लिए मध्यप्रदेश की धरती अनुकूल है. उन्होंने बताया कि अगले महीने यहां दो और चीते छोड़े जाएंगे.
मोहन यादव ने कहा कि 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश में चीता प्रोजेक्ट शुरू हुआ था और अब राज्य में चीतों की संख्या 60 हो गई है. उन्होंने कहा कि चीता और इंसानों के बीच आमतौर पर संघर्ष नहीं होता.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभयारण्यों से होने वाली आय में स्थानीय ग्रामीणों की भी हिस्सेदारी सुनिश्चित की जा रही है. इस साल करीब 80 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ, जिसमें से 20 करोड़ रुपये आसपास के ग्रामीणों को दिए गए हैं.
कार्यक्रम के दौरान मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘टाइगर’ बताया. उन्होंने कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि दुनिया आज भारत की तरफ उम्मीद से देख रही है.