scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमखेलभारतीय महिला कंपाउंड टीम सेमीफाइनल में

भारतीय महिला कंपाउंड टीम सेमीफाइनल में

Text Size:

हांगझोउ, पांच अक्टूबर (भाषा) गत विश्व चैंपियन भारत की महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने गुरुवार को यहां हांगकांग को आसानी से 231-220 से हराकर एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में जगह बनाई।

शीर्ष वरीय भारत सेमीफाइनल में चौथे वरीय इंडोनेशिया से भिड़ेगा।

ज्योति सुरेखा वेन्नम, अदिति स्वामी और परनीत कौर ने धीमी शुरुआत की। भारतीय जोड़ी ने शुरुआत में दो अंक की बढ़त बनाई लेकिन चेन हुंग टिंग, वोंग सुक स्युन और लुक यिन यी की पांचवीं वरीय जोड़ी ने 57-57 पर स्कोर बराबर कर लिया।

भारतीय तिकड़ी ने हालांकि तीसरे चरण में सिर्फ एक अंक गंवाया और आठ अंक की मजबूत बढ़त बना ली।

हांगकांग ने अंतिम चरण में एक निशाना आठ अंक पर लगाया जिसके बाद भारत की राह और आसान हो गई। सत्रह साल की अदिति ने अंतिम शॉट से पहले ही 10 अंक के साथ भारत की जीत सुनिश्चित की।

ज्योति ने अंतिम प्रयास में नौ अंक जुटाए लेकिन इससे पहले ही भारत की जीत तय हो चुकी थी।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments