दुबई, 21 अक्टूबर (भाषा) भारत आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप में अपने खिताब का बचाव करने के अभियान की शुरुआत 22 जनवरी को काठमांडू में वेस्टइंडीज के खिलाफ करेगा।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप का कार्यक्रम घोषित किया, जो 21 जनवरी से छह फरवरी तक बांग्लादेश और नेपाल में खेला जाएगा।
इस प्रतियोगिता में 16 टीम भाग लेंगी जिन्हें चार-चार टीम के चार ग्रुप में बांटा गया है। प्रतियोगिता के मैच चट्टोग्राम, सिलहट और काठमांडू में खेले जाएंगे।
दो बार के चैंपियन भारत को सह-मेजबान नेपाल, वेस्टइंडीज और आयरलैंड के साथ ग्रुप ए में रखा गया है।
बांग्लादेश और यूएई 21 जनवरी को टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच खेलेंगे, जबकि इसी दिन सिलहट में ऑस्ट्रेलिया का सामना नाइजीरिया से होगा।
ग्रुप चरण के मैच 26 जनवरी तक खेले जाएंगे। इसके बाद सुपर सिक्स शुरू होगा। दोनों सेमीफाइनल चार फरवरी को चट्टोग्राम में खेले जाएंगे। फाइनल भी छह फरवरी को चट्टोग्राम में ही होगा।
ग्रुप इस प्रकार हैं:
ग्रुप ए: भारत, आयरलैंड, वेस्टइंडीज और नेपाल
ग्रुप बी: दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और समोआ
ग्रुप सी: ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नाइजीरिया और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई)
ग्रुप डी: इंग्लैंड, श्रीलंका, अमेरिका और स्कॉटलैंड।
भाषा
पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.