नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) भारत और श्रीलंका के बीच 13 दिसंबर को दिल्ली में होने वाला पहला वनडे मुकाबला प्रदूषण और मैदान की आउटफील्ड के कायाकल्प में बदलाव कार्य के कारण राजधानी से बाहर स्थानांतरित किया जा सकता है।
हालांकि नवंबर और दिसंबर के महीनों में प्रदूषण का स्तर अपने शिखर पर होता है जो इस फैसले की एक बड़ी वजह है। इसके अलावा दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने फिरोज शाह कोटला मैदान में चल रहे आउटफील्ड के नवीनीकरण कार्य को देखते हुए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) से इस मैच को दिल्ली से बाहर कराने का अनुरोध किया है।
मैदान में बालू रेत पर आउटफील्ड तैयार की जा रही है और यह काम अगले तीन महीने तक जारी रहेगा।
डीडीसीए के एक अधिकारी ने से कहा, ‘‘प्रदूषण एक बड़ा कारण है और इसके अलावा मैदान में नवीनीकरण का काम भी चल रहा है। इसलिए हमने बीसीसीआई से मैच को दिल्ली से बाहर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया है। ’’
भारत और श्रीलंका के बीच दिसंबर में तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की सीरीज खेली जानी है।
भाषा नमिता मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.