नई दिल्ली: बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड स्थित बलिराजगढ़ में हुई घटना को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. मामले में संबंधित ASI को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है.
मंगलवार को जिलाधिकारी आनंद शर्मा और वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार खोजपुर चौराहा स्थित धरना स्थल पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान एक बुजुर्ग महिला भावुक होकर जिलाधिकारी से लिपटकर रोने लगीं. जिलाधिकारी ने उन्हें न्याय और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया.
पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. उसकी गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है.
प्रशासन ने मामले में स्पीडी ट्रायल के जरिए आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की बात कही है. पीड़ित परिवार को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये की सहायता दी गई है. कबीर अंत्येष्टि योजना की राशि भी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.
जिलाधिकारी ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की है.