नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गाजियाबाद में विद्या भारती द्वारा आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 के समापन समारोह में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया.
धामी ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, एकता, सहयोग और राष्ट्रभावना विकसित करती हैं. देश के अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों की भागीदारी इस आयोजन को लघु भारत का स्वरूप देती है. खेल का मैदान विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाता है.
उन्होंने कहा कि खेलों में जीत और हार दोनों महत्वपूर्ण हैं. जीत आगे बढ़ने का उत्साह देती है, जबकि हार अपनी कमियों को सुधारने की प्रेरणा देती है. विद्या भारती शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का काम कर रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है. उत्तराखंड सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि समारोह में शामिल खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे.