दाम्बुला, 15 जून (भाषा) वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर तेज शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे लेकिन ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम के अर्धशतक से भारत ए ने सोमवार को यहां त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला में श्रीलंका ए के खिलाफ 265 रन बनाए।
शेडगे ने 66 गेंद में 72 रन की पारी खेली जबकि विपराज ने 49 गेंद में 51 रन की पारी खेली। दोनों ने उस समय आठवें विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी की जब टीम 143 रन पर सात विकेट गंवाने के बाद संकट में थी।
सूर्यवंशी (14 गेंद में 21 रन) ने तेज गेंदबाज चमिका गुणाशेखर पर छक्के और दो चौकों के साथ शुरुआत की लेकिन ऑफ स्पिनर साहन अराचिगे की जगह पर प्वाइंट पर कैच दे बैठे।
कप्तान तिलक वर्मा (23) और फॉर्म में चल रहे उप कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (32) ने तीसरे विकेट के लिए नौ ओवर में 52 रन की साझेदारी की लेकिन धीमी पिच पर श्रीलंका के स्पिनरों के बीच के ओवरों में शानदार गेंदबाजी की।
दो विकेट पर 91 रन बनाकर अच्छी स्थिति में दिख रही भारतीय टीम ने इसके बाद लगातार विकेट गंवाए। ऑफ स्पिनर विजयकांत व्यासकांत ने गायकवाड़ को पगबाधा करके भारत को तीसरा झटका दिया।
तिलक भी इसके बाद कुगाथस मथुलन की गेंद पर प्वाइंट पर कैच देकर पवेलियन लौट गए।
मुंबई के शेडगे और उत्तर प्रदेश के विपराज ने इसके बाद पारी को संभाला।
घरेलू क्रिकेट में अपनी टीमों के लिए सीमित ओवरों के टूर्नामेंट में प्रभावी प्रदर्शन करने वाले शेडगे और विपराज ने एक बार फिर अपनी क्षमता का परिचय दिया।
शेडगे ने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के मारे जबकि विपराज ने छह चौके जड़े। दोनों ने स्ट्राइक रोटेट करने के अलावा खराब गेंदों को सबक सिखाने में भी कोताही नहीं बरती।
भाषा सुधीर मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.