भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार को 12वीं कक्षा की राज्य बोर्ड परीक्षा की टॉपर चांदनी विश्वकर्मा से मिलने के लिए एक इलेक्ट्रिक स्कूटर से यहां एक झुग्गी बस्ती स्थित उसके घर पहुंचे और उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.
भोपाल के भीमनगर क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय चांदनी विश्वकर्मा ने इस वर्ष मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 12वीं कक्षा की परीक्षा में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है.
यादव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक भगवानदास सबनानी के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटर से चांदनी के घर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की संकरी गलियों से होकर सफर किया.
मुख्यमंत्री ने चांदनी को उसकी उल्लेखनीय सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि उसकी उपलब्धि ने पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है. यादव ने बाद में कहा कि उनकी चांदनी और उसके परिवार से आत्मीय मुलाकात हुई तथा उन्होंने उनके साथ ‘सेल्फी’ भी ली.
उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद चांदनी ने परिश्रम, समर्पण और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की है, जो प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भीमनगर तक पहुंचने के लिए इलेक्ट्रिक वाहन चलाने का उनका अनुभव अच्छा रहा. उन्होंने कहा कि ऐसे कदम ईंधन संरक्षण में सहायक होते हैं और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करते हैं.