नागोया, 21 अक्टूबर (भाषा) भारत के हैनी ने बुधवार को यहां एशियाई पैरा खेलों की पुरुषों की चक्का फेंक एफ37 स्पर्धा में अपने अंतिम प्रयास में 57.04 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता।
हैनी प्रतियोगिता के शुरुआती चरण में पदक की दौड़ में बने हुए थे लेकिन बाद में शीर्ष तीन से बाहर हो गए। पदक जीतने के लिए उन्हें कुछ खास करने की जरूरत थी और उन्होंने भारी दबाव के बीच अपने छठे और अंतिम प्रयास में शानदार थ्रो करके पदक अपने नाम किया।
उज्बेकिस्तान के मारुफखुजाएव कुद्रातिलोखोन ने 57.39 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता। पाकिस्तान के हैदर अली ने 57.20 मीटर के प्रयास से रजत पदक हासिल किया।
एफ37 वर्ग उन खिलाड़ियों के लिए होता है जिनके शरीर के एक तरफ समन्वय और गतिविधियों की क्षमता मध्यम स्तर तक प्रभावित होती है।
हैनी अब पुरुषों की भाला फेंक एफ37/38 स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। उन्होंने खेलों के पिछले सत्र में इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।
भाषा सुधीर मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.