scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमखेलचेन्नई सुपर किंग्स ने बल्लेबाजी कोच माइक हसी से नाता तोड़ा

चेन्नई सुपर किंग्स ने बल्लेबाजी कोच माइक हसी से नाता तोड़ा

Text Size:

चेन्नई, 26 अक्टूबर (भाषा) इंडियन प्रीमिलर लीग (आईपीएल) 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) में बदलावों का दौर जारी है और इसी कड़ी में फ्रेंचाइजी ने सोमवार को अपने अनुभवी बल्लेबाजी कोच माइक हसी से भी नाता तोड़ लिया।

हसी ने फ्रेंचाइजी के लिए छह सत्र खेलने के बाद 2018 में सीएसके के बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाली थी।

सीएसके ने सोशल मीडिया पर इस फैसले की घोषणा करते हुए लिखा, ‘‘2008 में पहले सत्र से ही आप चेन्नई सुपर किंग्स परिवार का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। ’’

बयान में कहा गया, ‘‘पीली जर्सी के साथ आपका सफर सिर्फ आपके बनाए रनों और आपके मार्गदर्शन में निखरे खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रहा बल्कि इस फ्रेंचाइजी के प्रति आपका समर्पण, विनम्रता और अटूट प्रतिबद्धता भी इसकी पहचान रही है। ’’

सीएसके ने कहा, ‘‘हमारे इतिहास में आपकी जगह हमेशा खास रहेगी, हसमास्टर। एक बार सुपर किंग, हमेशा सुपर किंग। ’’

सुपर किंग्स ने गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस को भी आधिकारिक रूप से विदाई दी। उनकी जगह भारत के पूर्व तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

फ्रेंचाइजी ने कहा, ‘‘2018 से चेन्नई सुपर किंग्स के कोचिंग सेटअप का अभिन्न हिस्सा रहे एरिक सिमंस ने हमारी गेंदबाजी इकाई को मजबूत बनाने और वर्षों के दौरान टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ’’

इसमें कहा गया, ‘‘हम उनकी समर्पित सेवाओं और योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हैं। धन्यवाद, एरिक सिमंस। भविष्य के लिए आपको शुभकामनाएं। ’’

टीम के सहायक कोच राजीव कुमार और क्षेत्ररक्षण कोच जेम्स फोस्टर भी आईपीएल 2027 से सहयोगी स्टाफ का हिस्सा नहीं होंगे।

पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन 2023 में खिताब जीतने के बाद उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा है। टीम 2024 में पांचवें, 2025 में दसवें और 2026 में आठवें स्थान पर रही।

लगातार निराशाजनक प्रदर्शन के बाद फ्रेंचाइजी ने मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग के साथ लंबे जुड़ाव को भी समाप्त कर दिया। फ्लेमिंग अब इंग्लैंड की टेस्ट टीम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने फ्लेमिंग की जगह ली है। आईपीएल 2027 चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मुख्य कोच के रूप में उनका पहला कार्यकाल होगा।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments