scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमखेलब्रांच ने जीता डकार रैली की मुख्य बाइक रेस का 11वां चरण, नोहा 'रैली 2' वर्ग की तालिका में शीर्ष पर

ब्रांच ने जीता डकार रैली की मुख्य बाइक रेस का 11वां चरण, नोहा ‘रैली 2’ वर्ग की तालिका में शीर्ष पर

Text Size:

(अमित आनन्द)

यानबू , 18 जनवरी (भाषा) हीरो मोटोस्पोर्ट्स के राइडर रॉस ब्रांच गुरुवार को यहां डकार रैली 2024 की मुख्य बाइक रेस ‘रैली जीपी’ के 11वें चरण को जीत कर ओवरऑल तालिका में शीर्ष पर काबिज रिकी ब्राबेक के साथ अंतर को कुछ कम करने में सफल रहे।

भारतीय राइडर हरिथ नोहा ‘रैली 2’ वर्ग की बाइक रेस में प्रभावित करना जारी रखते हुए इस वर्ग की ओवरऑल तालिका में शीर्ष पर पहुंच गये। वह डकार रैली के किसी भी वर्ग की ओवरऑल तालिका में शीर्ष पर पहुंचने वाले पहले भारतीय है।

बाइक की मुख्य रैली में भारतीय कंपनी हीरो मोटोस्पोर्ट्स के ब्रांच ने इस लंबे चरण को चार घंटे 51 मिनट और 57 सेकंड में पूरा कर दूसरे स्थान पर रहे मॉन्स्टर होंडा टीम के ब्राबेक को 32 सेकंड के अंतर से पीछे छोड़ा। ओवरऑल रैंकिंग में ब्रांच अब भी ब्राबेक से 10 मिनट 22 सेकंड पीछे है। ब्रांच हालांकि तीसरे स्थान पर काबिज एंड्रियन वैन बीवेरेन (होंडा टीम) पर अपनी कुल बढ़त को चार मिनट से अधिक करने में सफल रहे।

ब्रांच ने 11वें चरण में जीत दर्ज करने के बाद कहा, ‘‘ आज का दिन मेरे लिए अच्छा रहा। मैंने शुरू से लेकर अंत रेस का लुत्फ उठाया। मेरी बाइक अद्भुत चल रही थी। मैंने धैर्य बनाये रखा और कोई गलती नहीं की।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ शीर्ष पर काबिज राइडर ने मुझ पर महत्वपूर्ण बढ़त बना ली है, लेकिन मैं इस समय जहां हूं उससे वास्तव में खुश हूं, और मैं कल आखिरी दिन का इंतजार कर रहा हूं।’’

रैली के 11वें चरण का आयोजन अलउला से यानबू के बीच 527 किलोमीटर के रेस के साथ हुआ जिसमें 420 किलो का स्पेशल था। इस दौरान राइडरों को मुश्किल नेविगेशन वाले रेतीले रास्ते से गुजरना पड़ा।

भारतीय राइडर हरिथ नोहा ने ‘रैली 2’ वर्ग की बाइक रेस में प्रभावित करना जारी रखते हुए इस वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया। वह इसके साथ ही ओवरऑल रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गये। यह पहली बार है जब कोई भारतीय डकार रैली की किसी भी रेस की ओवरऑल तालिका में शीर्ष पर है।

डकार रैली के किसी वर्ग में किसी चरण को जीतने वाले पहले भारतीय बने नोहा ने इससे पहले तीन दिनों में दो जीत (आठवां ओर 10वां चरण) दर्ज कर प्रभावित किया है। उन्होंने ओवरऑल रैंकिंग में अब तक शीर्ष पर रहे रोमन डुमोनिटियर को दूसरे स्थान पर धकेल दिया। नोहा के पास ऑवरआल तालिका में पांच मिनट 53 सेकंड की अच्छी बढ़त है।

इस रैली में अब सिर्फ एक चरण बचा है जो कम दूरी का है और ऐसे में ब्रांच के लिए ब्राबेक को पीछे छोड़ा काफी मुश्किल होगा ।

रैली के 12वें और आखिरी चरण का आयोजन यानबू में ही होगा जिसमें राइडर को कुल 328 किलोमीटर की दूरी तय करनी है इसमें 175 किलोमीटर का स्पेशल ( रेस का वह हिस्सा जिसके समय का आकलन किया जाता है) होगा।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments