scorecardresearch
Thursday, 18 June, 2026
होमखेलआर्यन नेहरा ने सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय का रिकॉर्ड तोड़ा, राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया

आर्यन नेहरा ने सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय का रिकॉर्ड तोड़ा, राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया

Text Size:

अहमदाबाद, 18 जून (भाषा) तैराक आर्यन नेहरा ने बृहस्पतिवार को यहां राष्ट्रीय एक्वाटिक्स चैंपियनशिप में 1500 मीटर फ्रीस्टाइल में अपना ही सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय का रिकॉर्ड तोड़कर राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया जबकि युवा धिनिधि देसिंगु ने भी एक नया रिकॉर्ड बनाया।

नेहरा ने 15:14.88 का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता और 2023 में हैदराबाद में बनाए गए अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय (15:29.76) में सुधार किया। हालांकि, इस प्रदर्शन के बावजूद गुजरात का यह तैराक एशियाई खेलों के क्वालीफाइंग मानक 15:14.27 से बहुत कम अंतर से चूक गया।

कर्नाटक के दर्शन एस (15:38.00) ने रजत पदक जीता जबकि दिल्ली के कुशाग्र रावत (15:41.66) ने कांस्य पदक हासिल किया।

वहीं धिनिधि ने महिलाओं की 100 मीटर फ्रीस्टाइल में नया सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय निकालकर सफलता का सिलसिला जारी रखा। 16 साल की इस तैराक ने 56.57 सेकंड में रेस पूरी करके स्वर्ण पदक जीता और पिछले साल भुवनेश्वर में बनाए गए अपने ही 56.78 सेकंड के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

एमजे प्रवीण कुमार, धनुष सुरेश, बी. बेनेडिक्टन रोहित और आदित्य दिनेश की तमिलनाडु की टीम ने 3:44.74 के मीट-रिकॉर्ड समय के साथ पुरुषों की चार गुणा 100 मीटर मेडले रिले जीती।

तैराकी में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तभी दर्ज किया जाता है जब यह राष्ट्रीय एक्वाटिक्स चैंपियनशिप में बनाए जाएं।

हालांकि सभी घरेलू या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दर्ज किए गए बेहतरीन समय को ‘सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ के तौर पर वर्गीकृत किया जाता है।

भाषा नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments